
इटावा में संचालित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा -जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जनपद में संचालित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा समयबद्धता की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी द्वारा जिला कारागार में निर्मित की जा रही 24 बंदी क्षमता की हाई सिक्योरिटी बैरक के निर्माण कार्य में पाई गई कमियों को तत्काल दूर कर गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम (इकाई-2), इटावा द्वारा सैफई में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए पत्थरों के जॉइंट सही ढंग से मिलाने तथा समुचित घिसाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत 50 बेडेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विस्तार हेतु प्री-फैब्रिकेटेड भवन निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने, ओपीडी भवन के रैंप निर्माण, 300 बेडेड प्रसूति एवं स्त्री रोग ब्लॉक तथा पैरामेडिकल आवासीय एवं शैक्षणिक भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भवन, अग्निशमन केंद्र के आवासीय एवं अनावासीय भवनों तथा साइबर क्राइम थाने के प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए।
विकास खंड महेवा के ग्राम बहेड़ा में निर्माणाधीन अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय को शीघ्र पूर्ण कर संचालित करने के निर्देश दिए गए। जिला संयुक्त चिकित्सालय में अग्निशमन व्यवस्था से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने को भी कहा गया।
शहर के पक्का तालाब क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक भवनों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण तथा पिलुआ महावीर मंदिर के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। सेतु निगम द्वारा असवा एवं महावीर पिलुआ के मध्य यमुना नदी पर प्रस्तावित सेतु एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य के संबंध में जिलाधिकारी महोदय ने लोक निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीएंडडीएस की प्रोजेक्ट अलंकार योजना के अंतर्गत विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय ब्लॉक एवं मल्टीपरपज हॉल निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही योजना के अंतर्गत राजकीय हाईस्कूल सहसों में चारदीवारी निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया।
मॉडल कंपोजिट विद्यालय ममनी-हिम्मतपुर में सॉयल ट्रीटमेंट कार्य को प्राथमिकता देने तथा निरीक्षण के समय तकनीकी अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राजकीय इंटर कॉलेज इटावा में इंडोर मिनी स्टेडियम तथा डायट परिसर में अतिरिक्त कक्ष, ऑडिटोरियम एवं मीटिंग हॉल निर्माण कार्यों में आवश्यक तकनीकी सुधार कराने को कहा गया।
भर्थना क्षेत्र में 1000 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा बकेवर-सिंडोस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण तथा भर्थना बाईपास मार्ग के निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

