
जिलाधिकारी ने भूमि क्रय-विक्रय मामलों का किया निरीक्षण, स्टांप मूल्यांकन की जांच के निर्देश
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, 23 जून। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने मंगलवार को तहसील औरैया क्षेत्र के भाऊपुर, खानपुर चौराहा, आनेपुर एवं एनएच-19 स्थित करमपुर क्षेत्र में क्रय-विक्रय की गई भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूमि से संबंधित अभिलेखों एवं विक्रय पत्रों के साथ संलग्न स्टांप पत्रों की भी जांच की।
जिलाधिकारी ने भूमि की वास्तविक स्थिति का अवलोकन करते हुए स्टांप मूल्यांकन प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने सहायक महानिरीक्षक (एआईजी) स्टांप राजेश कुमार को निर्देश दिए कि संबंधित भूमि की मालियत का पुनः परीक्षण कराया जाए तथा विक्रय पत्रों के साथ संलग्न स्टांप पत्रों के मूल्य का विस्तृत सत्यापन किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि भूमि के क्रय-विक्रय में निर्धारित नियमों एवं प्रचलित दरों के अनुसार पर्याप्त स्टांप शुल्क जमा किया गया है या नहीं। यदि जांच में निर्धारित मूल्य के अनुरूप स्टांप शुल्क में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो संबंधित मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान एआईजी स्टांप राजेश कुमार, तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा राजस्व हितों की सुरक्षा एवं स्टांप शुल्क संबंधी अनियमितताओं पर प्रभावी निगरानी के लिए इस प्रकार की जांच आगे भी जारी रखने की बात कही गई।


