
इटावा में दिनदहाड़े गोलीकांड: भाजपा एमएलसी के परिवार के युवक को मारी गोली, हालत स्थिर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । जनपद इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। कानपुर हाईवे की सर्विस रोड पर कार सवार युवकों ने एक बाइक सवार छात्र को टक्कर मारने के बाद गोली मार दी। घायल युवक भाजपा एमएलसी के परिवार का सदस्य बताया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विक्रमपुर निवासी बीए छात्र वीर प्रताप चौहान अपने मित्र शिवा के साथ आईटीआई चौराहे के पास फास्ट फूड खाने गया था। दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान लीला पैलेस होटल के सामने पीछे से आई एक बलेनो कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।
आरोप है कि कार से उतरे युवकों ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने वीर प्रताप चौहान को निशाना बनाकर गोली चलाई, जो उसकी जांघ में लगी। बताया जा रहा है कि एक अन्य फायर हवा में भी किया गया। गोली लगने से युवक घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मौके से गुजर रही ट्रैफिक पुलिस टीम ने घायल युवक को तत्काल डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल वीर प्रताप चौहान ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले उसका आरोपियों से फोन पर विवाद हुआ था। उसके अनुसार फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई थी। वह इसी संबंध में शिकायत करने पुलिस चौकी जा रहा था, तभी रास्ते में कार सवार युवकों ने हमला कर दिया।
पीड़ित ने तीन नामजद तथा दो अज्ञात युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. श्याम मोहन सिंह के अनुसार घायल युवक के पैर में गोली लगी है और उसका उपचार किया जा रहा है।
वहीं घायल के साथी शिवा ने बताया कि बलेनो कार में सवार पांच युवकों ने पहले बाइक में टक्कर मारी और फिर फायरिंग कर दी। भाजपा एमएलसी के भाई विक्रम सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल युवक को परिवार का सदस्य बताया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।



