
इटावा में रेस्क्यू अभियान, सड़क पर मिले वृद्ध को वृद्धाश्रम भेजा गया
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । कठिन परिस्थितियों में सड़क पर रह रहे अनाथ, परित्यक्त एवं आपात स्थिति में जीवनयापन कर रहे लोगों के पुनर्वास के लिए गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अभियान जिलाधिकारी के अनुमोदन से गठित जिला स्तरीय रेस्क्यू टॉस्क फोर्स द्वारा संचालित किया गया।
अभियान की शुरुआत कालीवाहन मंदिर से हुई, जिसके बाद टीम ने नीलकंठ मंदिर, नया बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, जेल वाले सैय्यद बाबा तथा कंपनी गार्डन सहित विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर जरूरतमंद लोगों की पहचान की।
जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि यह अभियान उच्च न्यायालय, लखनऊ में विचाराधीन जनहित याचिका (पीआईएल) संख्या-571/2024 ज्योति राजपूत बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य में पारित आदेशों के अनुपालन में चलाया गया।
अभियान में चिन्हित एक वृद्ध व्यक्ति को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वित्तपोषित एवं स्वैच्छिक संस्था के वृद्धाश्रम में सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया गया।
रेस्क्यू अभियान में जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, नायब तहसीलदार प्रेरणा शिवहरे, जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. ज्ञानेन्द्र सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अतुल कुमार श्रीवास्तव, कोतवाली निरीक्षक कृष्ण मुरारी, मानव तस्करी रोधक इकाई की टीम तथा संरक्षण अधिकारी सोहन गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



