जिले में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान 28 जून से
अभियान में पांच साल तक के हर बच्चें को दी जायेगी दो बूद जिंदगी की
रीवा : देश प्रदेश के साथ-साथ रीवा और मऊगंज जिले से पल्स पोलियो का उन्मूलन वर्ष 2011 में हो गया है। लेकिन देश के आसपास के तीन देशों में पल्स पोलियो के मरीज पाये जाने के कारण सुरक्षा के लिए रीवा जिले में 28 जून से तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जायेगा। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यत्नेश त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के दौरान पांच साल तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा दी जायेगी। अभियान के पहले दिन 28 जून को पोलियो बूथ पर दवा पिलाई जायेगी। इसके लिए रीवा और मऊगंज जिले में 2450 अधिक पोलिंग बूथ बनाये गये हैं। इनमें दवा पिलाने के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात रहेंगे। अभियान के दूसरे दिन और तीसरे दिन छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर दवा पिलाई जायेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभियान में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अभियान की निगरानी के लिए जिला और खण्ड स्तर पर दल तैनात किये गये हैं। प्रत्येक पोलियो बूथ तक दवा पहुंचाने के लिए विशेष प्रबंध किये गये हैं। जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों जैसे बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन, बाजार आदि में दवा पिलाने के लिए मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी। पल्स पोलियो अभियान के लिए जिले में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम से अभियान की सतत मानीटरिंग की जायेगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने अभिभावकों से उनके पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की अपील की है।
