उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 2 जुलाई तक मांगे गए सुझाव

मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 2 जुलाई तक मांगे गए सुझाव

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश 

विशाल समाचार | औरैया। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदेय स्थलों के प्रस्ताव के संबंध में समन्वय बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चन्द्र मौर्य ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण एवं नए मतदेय स्थलों के लिए भवनों का चिन्हांकन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि 29 जून से 1 जुलाई तक राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।

 

उन्होंने बताया कि मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची 4 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का निस्तारण कर 18 जुलाई तक अंतिम सूची तैयार की जाएगी। तत्पश्चात 25 से 28 जुलाई के बीच प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजा जाएगा तथा 31 जुलाई तक आयोग के अनुमोदन के लिए प्रेषित किया जाएगा।

 

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रारूप सूची के प्रकाशन से पूर्व सभी मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर भवनों की स्थिति, आवश्यक मूलभूत सुविधाओं तथा मतदाताओं के आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने मतदेय स्थलों के परिवर्तित नामों को संशोधित कराने तथा मतदाता सूची में अस्पष्ट फोटो वाले मतदाताओं की नवीनतम फोटो अपलोड कराने के भी निर्देश दिए।

 

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से 2 जुलाई तक अपने सुझाव एवं आपत्तियां संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को लिखित रूप में उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि उनका समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।

 

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चन्द्र मौर्य, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button