
स्कूलों में मादक पदार्थों के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति चलाए जाएं जागरूकता कार्यक्रम, मादक पदार्थों की बिक्री आदि पर लगाया जाए प्रभावी अंकुश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया: जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में मादक पदार्थों की बिक्री तथा तस्करी की रोकथाम के लिए एनसीओआरडी की जिला स्तरीय बैठक कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में संपन्न हुई।
जिलाधिकारी द्वारा विगत बैठक की कार्यरत की समीक्षा करते हुए जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए गए कि पुलिस बल व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम राष्ट्रीय व राजमार्गों के किनारे स्थित होटल व ढाबों की सघनता से चेकिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि वहां पर किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों में संलिप्तता न हो। जिलाधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिए गए कि आबकारी विभाग के नियंत्रण में संचालित भांग की लाइसेंसी दुकानों पर भांग के अलावा किसी भी अन्य प्रकार के मादक पदार्थ की बिक्री न होने पाए।
जिलाधिकारी ने औषधि निरीक्षक को निर्देश दिये कि जनपद में संचालित औषधि विक्रय केन्द्रों पर किसी भी प्रकार की अवैध नारकोटिक्स दवा की बिक्री न हो और शासन द्वारा निर्धारित नारकोटिक्स दवाओं की बिक्री उचित चिकित्सक द्वारा लिखित परामर्श प्रस्तुत करने पर ही दिया जाए तथा भंडारण एवं बिक्री के रिकॉर्ड की भी समय-समय पर जांच की जाए।
जिलाधिकारी द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए गए कि युवा पीढ़ी को ड्रग्स के दुरुपयोग व उनसे होने वाले दुष्प्रभाव की जानकारी का विद्यालय में प्रचार प्रसार कराया जाए तथा इससे संबंधित गतिविधियां भी की जाए। जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना हेतु शासन से पत्राचार कर स्थापना कराना सुनिश्चित किया जाए।
उक्त अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अविनाश चन्द्र मौर्य, आबकारी अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य,ए आर कोऑपरेटिव संजीव कुमार गौतम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार आदि उपस्थित रहे।


