
कमिश्नर ने मऊगंज में की विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें – कमिश्नर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने मऊगंज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभागीय उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कमिश्न कमिश्नर अधिकारियों से कहा कि वे अपने पदीय दायित्वों का जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक विभाग शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए कार्य करे। निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। विभागीय कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराएं।
बैठक में कमिश्नर ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए खरीफ की फसल की बोनी के लिए उर्वरक का पर्याप्त भंडारण कर लें। ई-विकास पोर्टल से ही किसानों को उर्वरक का वितरण करें। किसानों को बिना किसी परेशानी के बीज और उर्वरक का वितरण करायें। किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने के लिए शिविर आयोजित करें। कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में संचालित स्वास्थ्य संस्थाओं, डिलीवरी प्वाइंट, पोषण पुनर्वास केंद्र, एएनसी पंजीयन तथा हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार, शिशु मृत्यु दर तथा मातृ मृत्यु दर में नियंत्रण एवं बच्चों का पोषण स्तर बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर अनिवार्य रूप से पंजीयन तथा नियमित जाँच सुनिश्चित करें। संयुक्त संचालक शिक्षा स्कूलों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार कराएं। उन्होंने विद्यालयों में नामांकन, छात्रवृत्ति, पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल, लैपटॉप एवं स्कूटी वितरण, सीएम राइज विद्यालय तथा पीएमश्री विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि विद्यार्थियों को स्कूलों में अच्छी शिक्षा मिले इसका विशेष रूप से ध्यान रखें।
बैठक में कमिश्नर ने जिले की सिंचाई परियोजनाओं, नईगढ़ी सूक्ष्म दबाव सिंचाई परियोजना, सीतापुर-हनुमना बैराज, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के निर्माण कार्यों, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा मिशन, जनपद एवं जिला पंचायत भवन निर्माण तथा डीएमएफ एवं मनरेगा कन्वर्जेंस के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान पोषण मिशन 2.0, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, गर्भवती महिलाओं के समग्र सत्यापन, एफआरएस रिपोर्ट, आभा आईडी की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि जिन भी लोगों के आभा और अपार आईडी नहीं बनी है उनकी तत्काल आईडी बनवाएं जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके। ऊर्जा विभाग की समीक्षा में अटल गृह ज्योति योजना, अटल किसान ज्योति योजना, वितरण ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता, जले हुए ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन तथा घरेलू एवं कृषि फीडरों पर विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। कमिश्नर ने कहा कि संयुक्त संचालक पशुपालन कामधेनु योजना, क्षीरधारा योजना तथा पशुओं के टीकाकरण की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सभी पशुओं को समय पर टीके लगवाएं। बैठक में आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़ की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बताया गया कि वर्ष 2025 में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं तथा संवेदनशील वर्गों के बचाव के लिए स्थानीय कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। कमिश्नर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में जिले में स्वीकृत नल-जल योजनाओं एवं जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि जिले में 302 एकल ग्राम नल-जल योजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से 184 पूर्ण हो चुकी हैं तथा 160 योजनाएं संबंधित ग्राम पंचायतों को संचालन एवं संधारण हेतु हस्तांतरित की जा चुकी हैं। समूह नलजल योजनाओं का कार्य तय समय सीमा में पूरा कराकर हर घर में नल से पानी की आपूर्ति कराएं। निर्माण कार्यों तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी राष्ट्रीय क्षति है। शेष योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जल अर्पण ग्राम पंचायत कुल्बहेरिया, जल गंगा संवर्धन अभियान, टंकी एवं सम्पवेल निर्माण, हर घर जल योजना, रीवा-बाणसागर समूह जल प्रदाय योजना तथा टमस ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना की भी जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का तत्परता से पालन कराया जाएगा और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में कमिश्नर को कलेक्टर द्वारा सुपारी के गणेश की प्रतिमा भी भेंट की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीम हनुमना राजेश मेहता, एसडीम मऊगंज एपी द्विवेदी सहित सभी विभागों के विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।



