प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

ए० एन० एम को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश।

ए० एन० एम को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश।

 

तीन डॉक्टर का वेतन स्थगित करने का निर्देश

 

सदर अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित, 

 

स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के दिए गए निर्देश

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:सीतामढ़ी बिहार 

जिलाधिकारी सीतामढ़ी रिची पांडे की अध्यक्षता में आज सदर अस्पताल, सीतामढ़ी में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर अस्पताल एवं जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

बैठक के दौरान कार्य में अनुशासनहीनता एवं लापरवाही के मामलों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित एएनएम रितु कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने हेतु अस्पताल उपाधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

 

वहीं डॉ. निवेदिता, डॉ. रीता महतो तथा डॉ. अनुजा प्रीतम की अनधिकृत अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उनका वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही इस संबंध में विभाग को प्रतिवेदित करने एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।

 

बैठक में संस्थागत प्रसव के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित जांच एवं परामर्श के माध्यम से उच्च जोखिम वाले गर्भधारण की पहचान कर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने अल्ट्रासाउंड जांच की संख्या बढ़ाने तथा गर्भवती महिलाओं के प्रथम त्रैमास (प्रथम ट्राइमेस्टर) में ही आवश्यक अल्ट्रासाउंड जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि गर्भावस्था से संबंधित संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान एवं उपचार संभव हो सके।

 

बैठक में सीटी स्कैन सेवा की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसी को निर्देशित किया गया कि मरीजों को समय पर जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा सीटी स्कैन रिपोर्ट निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपचार में अनावश्यक विलंब न हो।

 

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति, आपातकालीन सेवाओं की सुदृढ़ता तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि ओपीडी एवं इमरजेंसी सेवाओं का नियमित अनुश्रवण किया जाए, अस्पताल परिसर की स्वच्छता एवं साफ-सफाई बनाए रखी जाए तथा आवश्यक जांच एवं उपचार सेवाओं को निर्बाध रूप से संचालित किया जाए।

बैठक में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने, टीकाकरण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा मरीजों की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र विकसित करने पर भी बल दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button