
समाधान समारोह 2026 की तैयारियां तेज, विशेष लोक अदालत के लिए व्यापक अभियान
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया: मा. प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, औरैया सुश्री प्रारूल जैन के निर्देशन में आगामी “समाधान समारोह-2026 (विशेष लोक अदालत)” को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रोमा गुप्ता ने बताया कि विशेष लोक अदालत में अधिकाधिक वादों के सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से संबंधित न्यायालयों के सहयोग से नोटिसों की प्रभावी तामील कराई जा रही है। साथ ही प्री-सिटिंग्स आयोजित कर पक्षकारों को आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से विवादों का समाधान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि लंबी न्यायिक प्रक्रिया से पहले ही मामलों का निस्तारण संभव हो सके।
उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न विभागों, बैंकों, बीमा कंपनियों, बार एसोसिएशन तथा अन्य लोक उपयोगिता सेवा संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समझौते योग्य वादों की पहचान कर पक्षकारों से संपर्क स्थापित करने और उन्हें विशेष लोक अदालत में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेष लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए न्यायालय परिसर, तहसील परिसरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बैनर, पोस्टर और पंपलेट लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप, स्थानीय समाचार पत्रों, विधिक जागरूकता शिविरों तथा पैरा लीगल वालंटियर्स के माध्यम से भी आमजन को विशेष लोक अदालत के लाभों और इसकी उपयोगिता की जानकारी दी जा रही है।
सचिव श्रीमती रोमा गुप्ता ने जनपद के सभी वादकारियों से अपील की कि वे समाधान समारोह-2026 (विशेष लोक अदालत) का अधिकाधिक लाभ उठाकर आपसी सहमति से अपने मामलों का त्वरित, सरल एवं निःशुल्क निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य अधिक से अधिक वादों का समझौते के आधार पर निस्तारण कर न्याय व्यवस्था को सरल, सुलभ एवं प्रभावी बनाना है।

