
विश्व युवा कौशल दिवस पर बृहद रोजगार मेला, 54 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) अटसू, अजीतमल में जनपद स्तरीय बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का कौशल विकास मिशन बेरोजगार युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत उपस्थित करीब 255 प्रशिक्षार्थियों को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
जिला समन्वयक अनूप सिंह एवं जिला कौशल प्रबंधक अतुल सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कौशल विकास मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
रोजगार मेले में 11 कंपनियों एवं संस्थानों ने अपने स्टॉल लगाए। जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी ने स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा 54 चयनित प्रशिक्षार्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। अधिकारियों ने बताया कि शेष अभ्यर्थियों का द्वितीय चरण का साक्षात्कार पूरा होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रमोद कुमार, कार्यालय सहायक अजय शर्मा, नितिन वर्मा, अभिषेक सोनी, अरविंद, बृजेंद्र कुमार सहित कौशल विकास मिशन, आईटीआई एवं विभिन्न प्रशिक्षण प्रदाताओं के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



