
बिहार की पहली ‘नदी जोड़ो परियोजना’ का शुभारंभ, शिवहर को 176 करोड़ की 35 विकास योजनाओं की सौगात
रिपोर्ट :कुणाल किशोर
स्थान: सीतामढ़ी, बिहार
शिवहर,। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार शिवहर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिले को लगभग 176 करोड़ रुपये की लागत वाली 35 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 141 करोड़ रुपये की लागत की 17 योजनाओं का उद्घाटन तथा 35 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बेलवा–मीनापुर लिंक चैनल का उद्घाटन रहा, जिसे बिहार की पहली ‘नदी जोड़ो परियोजना’ माना जा रहा है। पिपराही प्रखंड के बेलवाघाट में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 130.88 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परियोजना का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि शिवहर के विकास, किसानों की समृद्धि और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ नियंत्रण, सिंचाई और ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
जिला प्रशासन के अनुसार बेलवा–मीनापुर लिंक चैनल से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी, बाढ़ की समस्या में कमी आएगी और किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे कृषि उत्पादन बढ़ने की भी उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, सांसद लवली आनंद, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, पूर्व सांसद रमा देवी, विधायक अमित कुमार, एमएलसी रेखा कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


