
‘नया सवेरा अभियान–3.0′ : निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने दिया बाल श्रम, मानव तस्करी व बाल विवाह मुक्त सीतामढ़ी का संदेश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी,बिहार
सीतामढ़ी। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित ‘नया सवेरा अभियान–3.0’ के अंतर्गत सीतामढ़ी पुलिस एवं अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में सोनबरसा प्रखंड के भुतही स्थित आर.बि.बि.सी बालिका उच्य माध्यमिक विद्यालय एवं श्री जागेश्वर उच्य माध्यमिक विद्यालय में बाल श्रम, मानव तस्करी, बाल विवाह एवं बंधुआ मजदूरी उन्मूलन विषय पर छात्र-छात्राओं के बीच निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में बिहार नव निर्माण फाउंडेशन का भी सक्रिय सहयोग रहा। प्रतियोगिता में दोनों विद्यालयों के 110 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने निबंधों के माध्यम से मानव तस्करी, बाल श्रम एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए “बाल श्रम, मानव तस्करी एवं बाल विवाह मुक्त सीतामढ़ी” के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस निरीक्षक सह प्रभारी, मानव तस्करी निरोध इकाई सुशील कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों की भागीदारी ऐसे अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाती है तथा जागरूक समाज के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। बाल अधिकार कार्यकर्ता मुकुंद कुमार चौधरी, बिहार नव निर्माण फाउंडेशन के सचिव मो. कमर अख्तर एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने भी छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण संबंधी कानूनी प्रावधानों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए इन कुरीतियों के विरुद्ध सजग रहने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को कल आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। मौके पर प्रधानाध्यापक पंकज कुमार ,प्रधानाध्यापक अकिल अहमद ,शिक्षक सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र छात्राओं उपस्थित थे।



