मध्य प्रदेशप्रशासनरीवा

जीरो प्रोग्रेस देने वाले अधिकारियों के विरुद्ध की जाएगी सख्त कार्रवाई – कमिश्नर

जीरो प्रोग्रेस देने वाले अधिकारियों के विरुद्ध की जाएगी सख्त कार्रवाई – कमिश्नर

खनिज विभाग अवैध खनिज उत्खनन पर प्रभावशील कार्यवाही करना सुनिश्चित करे

विद्युत विभाग शहर में हो रही विद्युत ट्रिपिंग को रोकते हुए मेंटेनेंस पर गंभीरता से ध्यान दे

कमिश्नर ने संभागीय समय सीमा की बैठक में विभिन्न अधिकारियों को दिए निर्देश

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान: रीवा मध्य प्रदेश 

 

रीवा . रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि वह अपने कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाएं अन्यथा जीरो प्रोग्रेस देने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को हिदायत दी की वे बैठक से पूर्व सभी जानकारी लेकर और पूरी तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित रहें। कमिश्नर ने मंगलवार को संभागीय समय सीमा की बैठक में खनिज अधिकारी को निर्देश दिए कि वह बेला और उसके आसपास हो रहे अवैध खनिज उत्खनन की गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। जहाँ अवैध उत्खनन की शिकायतें मिल रही हैं या अवैध उत्खनन की गतिविधियां संचालित होना पाई जा रही हैं वहां पर खनिज, राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करें। प्रायः रात्रि में अवैध खनिज उत्खनन की गतिविधियां ज्यादा होती है, अतः उड़न दस्ता दल को सक्रिय करते हुए कार्य योजना बनाकर कार्रवाई करें।

बैठक में कमिश्नर ने बारिश के दौरान शहर में चारों ओर हो रही विद्युत ट्रिपिंग की घटनाओं को गंभीरता से लिया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि वह शहर में हो रही विद्युत ट्रिपिंग की घटनाओं पर रोक लगाएं और मेंटेनेंस व्यवस्था में पर्याप्त सुधार लाएं। जिला मुख्यालय और सब डिवीजन में विशेष तौर पर विद्युत ट्रिपिंग न हो। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्वास्थ्य को निर्देश दिए कि संभाग के चिन्हित ब्लॉकों में सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग के लिए शिविर आयोजित करें और चिन्हित पाए गए सिकल सेल एनीमिया के मरीजों का पर्याप्त उपचार कराना भी सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि वह गर्भवती महिलाओं की एएनसी चेकअप के लिए आयोजित किये जा रहे शिविरों की संख्या को बढ़ाएं। वर्तमान में चिन्हित स्थानों पर गर्भवती महिलाओं की जांच हेतु 106 शिवि्र आयोजित किए गए हैं। कमिश्नर ने सिंगरौली, सीधी एवं मैहर में शिविरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि वह फील्ड में यह सुनिश्चित करें कि किसी भी गर्भवती महिला की डिलीवरी घर पर न हो। सभी गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला चिकित्सालय में ही कराएं। कमिश्नर ने शिविर से लाभान्वित हुई गर्भवती महिलाओं का डाटा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

बैठक में कमिश्नर ने निर्देश दिए कि तहसील में स्थित महाविद्यालयों में भी यूपीएससी और एमपीपीएससी की कक्षाएं प्रारंभ कराएं। अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग ने बताया कि संभाग के 6 जिलों के एक-एक महाविद्यालय में यूपीएससी और एमपीपीएससी की कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल जल कनेक्शन योजना की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने पीएचई के अधिकारी को निर्देश दिए कि वह प्रति सप्ताह नल जल योजना पूरी करने के कार्य में तेजी लाएं। बताया गया कि इस सप्ताह 6 नल जल योजनाएं पूर्ण कर दी गई हैं। साथ ही 675 नल जल योजनाओं का कार्य प्रगतिरत है। कमिश्नर ने कहा कि पीएचई के रोड रेस्टोरेशन की स्थिति अत्यंत खराब है। रोड रेस्टोरेशन के कार्य में अपेक्षित प्रगति लाएं। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक कोष और लेखा को निर्देश दिए कि वह आगामी 6 माह में सेवानिवृत्त होने वाले सभी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का डाटा एकत्रित कर संबंधित विभाग प्रमुख को प्रेषित करें, ताकि सेवानिवृत होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के सभी स्वत्वों का भुगतान कर्मचारी के सेवानिवृत्ति के दिन ही किया जा सके। कमिश्नर ने कहा कि 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 31 जुलाई को ही पीपीओ प्रदान किया जाएगा।

कमिश्नर ने स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक को निर्देश दिए कि वह विद्यार्थियों के अपार आईडी बनाने के कार्य में अपेक्षित प्रगति लाएं। वर्तमान में अपार आईडी बनाने का कार्य 70 प्रतिशत ही पूरा हुआ है। अपार आईडी बनाने का कार्य शीघ्रता से शत-प्रतिशत पूरा करें। कमिश्नर ने कहा कि यदि कोई शिक्षक शैक्षणिक कार्य ठीक ढंग से नहीं कर रहा है तो ऐसे शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने संभागीय आयुष अधिकारी को निर्देश दिए कि वह आयुष अस्पतालों में कचरा, गंदगी एवं टूटे-फूटे सामानों को अभियान चलाकर हटाएं। आयुष चिकित्सक मरीजों को औषधियों का वितरण अनिवार्य रूप से करें। आयुष आपके द्वारा अभियान की गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित करें। कमिश्नर ने बैठक से अनुपस्थित रहने वाले संयुक्त संचालक सहकारिता को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने सौ दिवस से अधिक के सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह प्राथमिकता से प्रकरणों का निराकरण करना सुनिश्चित करें। बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास वीरेंद्र पटेल एवं दिव्या त्रिपाठी, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार एवं संबंधित संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button