प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

कमिश्नर ने जनसुनवाई में की विभिन्न आवेदको के प्रकरणों की सुनवाई

कमिश्नर ने जनसुनवाई में की विभिन्न आवेदको के प्रकरणों की सुनवाई

शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा करने के एक प्रकरण में कलेक्टर मैहर को सिविल जेल की कार्रवाई करने के दिए निर्देश

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:रीवा,मध्य प्रदेश 

 

रीवा 21 जुलाई 2026. आम जनों की शिकायतो एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रति मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इस मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने रीवा संभाग के सिंगरौली, सीधी, सतना, रीवा, मैहर एवं मऊगंज से आए विभिन्न आवेदकों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और सभी की शिकायत एवं समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया। ग्राम बारी तहसील अमरपाटन के गोविंद सिंह ने अपने शिकायती आवेदन में बताया कि ग्राम बारी के शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने संबंधी आदेश पूर्व में जारी किए गए थे, जिसका आज तक पालन नहीं किया गया है। आज भी शासकीय भूमि पर अतिक्रमण व्याप्त है। कमिश्नर ने उक्त प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर मैहर को अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध सिविल जेल की कार्रवाई करने हेतु निर्देश जारी किए। ग्राम बेढ़ौआ तहसील सिरमौर के रामरुचि द्विवेदी ने बताया कि उनके पुत्र ने पुराने कुएं के पास शौचालय का निर्माण किया है, जिससे कुएं का पानी दूषित हो रहा है। कुएं से 6 परिवार का निस्तार होता है। उन्होंने तत्काल शौचालय को वहां से हटाने संबंधी मांग की। कमिश्नर ने एसडीएम सिरमौर को उक्त प्रकरण की जांच कर प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में राहुल शर्मा द्वारा अपनी जमीन पर फर्जी तरीके से एक व्यक्ति द्वारा कब्जा करने एवं रमाशंकर मिश्रा द्वारा जमीन पर से कब्जा हटाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए गए। कमिश्नर ने कलेक्टर सिंगरौली को प्रकरण का परीक्षण कर संपूर्ण जांच कर प्रतिवेदन भिजवाने के निर्देश दिए। अनिल पाण्डेय ने वार्ड क्रमांक एक में ट्रांसफार्मर के एक माह से जलने के कारण बंद पड़ने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग से जले ट्रांसफार्मर को बदलने की जब बात कही गई तो विद्युत विभाग ने ट्रांसफार्मर में बकायादारों की सूची देते हुए कहा गया कि जब तक बकायदार बकाया विद्युत बिल नहीं देंगे दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं लगेगा। कमिश्नर ने एसई एमपीईबी को ट्रांसफार्मर के संबंध में उचित निर्णय लेकर समाधान करने हेतु निर्देशित किया गया। तहसील नईगढ़ी की शकुंतला सेन ने जेठ के द्वारा जमीन पर मेड़ डालकर कब्जा करने संबंधी शिकायत की गई। कमिश्नर ने कलेक्टर मैहर को उक्त प्रकरण की जांच हेतु निर्देशित किया।

जनसुनवाई में ग्राम राजगढ़ के लक्ष्मीकांत मिश्रा ने 15 फीट चौड़े सार्वजनिक आम रास्ता अवरूद्ध किए जाने के संबंध में उचित कार्रवाई करने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने कलेक्टर रीवा को प्रकरण का परीक्षण करने के निर्देश दिए। ग्राम टटिहार के रामपाल सिंह द्वारा सरपंच पति द्वारा स्थायी रास्ते को अवरुद्ध करने का अवैध प्रयास करने संबंधी आवेदन दिया गया। कमिश्नर ने सी 131 एमपी 420 के तहत कलेक्टर रीवा को कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया। ग्राम भोटिया के युगल बिहार सिंह ने जमीन का सीमांकन कराए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने तहसीलदार को सीमांकन कराए जाने हेतु निर्देशित किया। चौखंडी के कौशलेष प्रताप सिंह ने बताया कि सहकारी समिति चौखंडी ने जारी बकायादारों की सूची में अवैधानिक रूप से उनका नाम भी जोड़ दिया है और उन पर 16 हजार रुपए का कर्ज दिखाया है। उन्होंने कहा कि लिए गए कर्ज का दस्तावेज मांगने पर भी समिति द्वारा उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक सहकारिता को तत्संबंध में परीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button