
संबल योजना के सभी लंबित प्रकरण आज ही निराकृत करें – कलेक्टर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से श्रम विभाग की संबल योजना के तहत दर्ज प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगर परिषदों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रम विभाग की संबल योजना के तहत मजदूरों के पंजीयन एवं आर्थिक सहायता के संबंध में लंबित सभी प्रकरणों का आज ही निराकरण करें। अधीनस्थ कर्मचारियों से प्रकरणों में समुचित कार्यवाही कराकर प्रकरणों का निराकरण करें तथा प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करें। अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही से यदि श्रमिक अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं तो इसे सहन नहीं किया जाएगा। योजना के तहत पंजीकृत मजदूरों को दुर्घटना अथवा सामान्य मौत पर उनके आश्रितों को अनुग्रह सहायता राशि दी जाती है। अनुग्रह सहायता राशि के सभी प्रकरण आज ही निराकृत करें। समय पर कार्य न करने के कारण सीएम हेल्पलाइन में कई शिकायतें लंबित हैं। इन प्रकरणों में कार्यवाही से सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरण भी कम होंगे। इस संबंध में किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। जनकल्याण की योजनाओं का लाभ आम जनता तक मिले यह हम सब की जिम्मेदारी है। इस जिम्मेदारी का ठीक से निर्वहन करें। श्रम विभाग तथा अन्य विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन की सभी एसडीएम अपने अनुभाग में समीक्षा करें और रिपोर्ट प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर सीएमओ चाकघाट का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस आशीष दुबे तथा सभी श्रम निरीक्षक उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगर परिषदों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी बैठक में शामिल हुए।



