
दिल्ली में एक्शन, यूपी में रिएक्शन: अखिलेश-राहुल की हिरासत के विरोध में प्रदेशभर में सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन
रिपोर्ट :विशाल समाचार संवाददाता
स्थान :इटावा, लखनऊ उत्तर प्रदेश
इटावा/लखनऊ। दिल्ली में जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
नेताओं को हिरासत में लिए जाने की खबर फैलते ही विभिन्न जिलों में सपा और कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नेताओं की रिहाई की मांग की। कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प की स्थिति भी बनी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कई जिलों में प्रदर्शन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
इटावा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, मेरठ, आज़मगढ़ समेत कई जिलों में विरोध प्रदर्शन हुए। कई स्थानों पर धरना-प्रदर्शन, जुलूस और ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार की कार्रवाई का विरोध किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज़ दबाने और विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेने की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने, पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने तथा हिरासत में लिए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं को रिहा करने की मांग उठाई। पूरे दिन प्रदेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी का दौर जारी रहा, जिसके चलते कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

