
देश का माहौल अस्थिर करने की कोशिश चिंताजनक : डॉ. हुलगेश चलवादी
विपक्ष से राजनीति छोड़ संसद में मुद्दों पर चर्चा करने की अपील
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे,महाराष्ट्र
पुणे, । रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. हुलगेश चलवादी ने कहा कि केंद्र सरकार ने नीट (NEET) पेपर लीक मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले दोषियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। ऐसे संवेदनशील विषय पर राजनीति करने के बजाय दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना ही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर सहित देश के विभिन्न राज्यों में चल रहे आंदोलनों का लाभ उठाकर देश का माहौल अस्थिर करने का प्रयास चिंताजनक है।
डॉ. चलवादी ने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री तथा रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर ने समाज को तर्कशीलता, समानता और बंधुत्व का संदेश दिया है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उपयोग समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन के लिए होना चाहिए, न कि द्वेष फैलाने या सामाजिक वैमनस्य उत्पन्न करने के लिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नीट पेपर लीक मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक न्यायालय में कराने का निर्णय स्वागतयोग्य है। इससे केंद्र सरकार की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की मंशा स्पष्ट होती है। प्रशासन और पुलिस स्तर पर उचित मांगों पर कार्रवाई जारी है, ऐसे में इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग करना देशहित में नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष आंदोलन के माध्यम से राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है।
डॉ. चलवादी ने कहा कि अनशनकारी सोनम वांगचुक द्वारा अपना अनशन समाप्त किए जाने के बाद आंदोलनकारियों को भी न्यायपालिका पर विश्वास रखते हुए अपना आंदोलन समाप्त करना चाहिए। न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। केवल इस्तीफे की मांग करने के बजाय दोषियों को कठोर दंड दिलाना अधिक आवश्यक है।
उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी से भी अपील की कि संसद का कार्य सुचारु रूप से चलाने तथा नीट पेपर लीक प्रकरण पर सदन में विस्तृत चर्चा सुनिश्चित करने के लिए सरकार का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन का राजनीतिक श्रेय लेने का प्रयास सफल नहीं होगा। यह विचार रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने व्यक्त किए हैं, जिन्हें डॉ. हुलगेश चलवादी ने दोहराया।

