चाक रोड ओवरब्रिज के पास आज लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज : कलेक्टर एवं अध्यक्ष, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 26 जुलाई को मऊगंज में चाक रोड ओवरब्रिज के पास निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के सफल संचालन के लिए इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा मऊगंज द्वारा श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय, रीवा के अधिष्ठाता को विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पत्र प्रेषित किया गया है। कलेक्टर ने कहा है कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिससे जिले के अधिक से अधिक नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श एवं स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा मिल सके। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। जिला प्रशासन एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में उपस्थित होकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

