प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

कमिश्नर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से कलेक्टर्स को दिए निर्देश 

कमिश्नर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से कलेक्टर्स को दिए निर्देश 

गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन और जाँच कराएं – कमिश्नर 

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश 

 

रीवा :रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शासन की उच्च प्राथमिकता की योजनाओं के संबंध में कलेक्टर्स को निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि कलेक्टर्स गर्भवती महिलाओं का पंजीयन और जाँच शत-प्रतिशत कराएं। इसके लिए ग्राम स्तर पर शिविर लगाएं। महिलाओं की जाँच और पंजीयन के संबंध में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा एएनएम के संयुक्त हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र लें। सभी बीएमओ और सीएमएचओ भी शत-प्रतिशत पंजीयन और जाँच का प्रमाण पत्र दें। इसके साथ-साथ हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को समय पर भर्ती कराकर समुचित उपचार करें। इसकी जानकारी पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करें। कमिश्नर ने कहा कि सभी जिलों में पर्यटन प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित कर पर्यटन स्थलों के विकास और संभावनाओं के संबंध में रिपोर्ट दें। सक्षम आंगनवाड़ी केन्द्रों में शासन के निर्देशों के अनुरूप समस्त सुविधाएं उपलब्ध कराएं। बच्चों की अनौपचारिक शिक्षा और खेल से जुड़ी सामग्री अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। प्रगति पोर्टल पर निर्धारित बिन्दुओं की जानकारी अद्यतन दर्ज करें।

कमिश्नर ने कहा कि 7 अगस्त से 8 जनवरी तक मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान चलाया जाएगा। अभियान का विकासखण्ड और क्लस्टरवार तिथि और समय निर्धारित करके जनप्रतिनिधियों तथा आमजनों को अवगत कराएं। इन शिविरों में क्लस्टर की सभी ग्राम पंचायतों में लंबित सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी योजना के आवेदन शिविर से सात दिन पूर्व निराकृत करा लें। आमजनता को वांछित सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने तथा आवेदनों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। जनसंवाद के साथ-साथ शिविर में उद्योग संवाद का आयोजन कर लघु उद्यमों को बढ़ावा दें। कमिश्नर ने कहा कि नामांतरण, बंटवारा तथा सीमांकन के प्रकरणों के निराकरण में तेजी आई है। मऊगंज, सतना जिले विशेष ध्यान दें। फार्मर रजिस्ट्री के लिए पटवारियों को प्रशिक्षण देकर क्लस्टर लेबल पर शिविरों का आयोजन कराएं। किसानों को जागरूक करके भी फार्मर रजिस्ट्री कराई जा सकती है। सीधी और सिंगरौली जिले में प्रगति कम है। नक्शा तथा खसरा सुधार में अच्छा कार्य हुआ है। शेष लंबित प्रकरणों का भी निराकरण कराएं। नक्शा और खसरा सुधार का कार्य हो गया तो किसानों को बहुत राहत मिलेगी।

कमिश्नर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने, शिशु मृत्यु दर तथा मातृ मृत्यु दर पर नियंत्रण के प्रयासों पर कलेक्टर विशेष ध्यान दें। इसकी विकासखण्ड स्तर पर समीक्षा करें। दस्तक अभियान 31 अगस्त तक चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान सभी शिशुओं की जाँच कराएं। जाँच के दौरान कम पोषित और बीमार बच्चों का समुचित उपचार सुनिश्चित करें। पोषण पुनर्वास केन्द्र में बच्चों की भर्ती में सिंगरौली और मऊगंज जिले विशेष ध्यान दें। सिकल सेल एनीमिया की जाँच और उपचार की नियमित समीक्षा करें। प्रसव के दौरान होने वाली महिलाओं की मौत और शिशुओं की मौत की प्रत्येक घटना की मेडिकल आधार पर जाँच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसमें लापरवाही बरतने वालों पर भी समुचित कार्यवाही करें।

कमिश्नर ने ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि वॉश ऑन व्हील कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्र के सभी स्कूलों, आंगनवाड़ी केन्द्र, ग्राम पंचायतों तथा स्वच्छता परिसर के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराएं। इसमें पंजीयन, सफाईकर्मी की नियुक्ति और नियमित साफ-सफाई की जानकारी संतोषजनक नहीं है। पर्याप्त संख्या में स्वच्छता साथी नियुक्त करके शौचालयों की साफ-सफाई कराएं। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना तथा आवास प्लस योजना के अधूरे आवासों का 31 अगस्त तक निर्माण पूरा कराएं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सतना आवासों की पूर्णता पर विशेष ध्यान दें। ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की भी व्यवस्था कराएं। बैठक में जनमन योजना, धरती आबा योजना तथा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में वीडियो कान्फ्रेंसिंग से शामिल सभी जिलों के कलेक्टर्स ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button