प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल सक्रिय हुआ प्रशासन, वर्षों से लंबित समस्या का मिनटों में हुआ समाधान

कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल सक्रिय हुआ प्रशासन, वर्षों से लंबित समस्या का मिनटों में हुआ समाधान

ई-गवर्नेंस की त्वरित कार्रवाई से मात्र 10 मिनट में सुधरी आधार कार्ड की त्रुटि, हितग्राही ने जताया आभार

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश

 

मऊगंज . शासन की योजनाओं का लाभ तभी सहजता से मिल पाता है, जब आवश्यक दस्तावेज त्रुटिरहित हों। लेकिन दस्तावेजों में छोटी-सी गलती भी कभी-कभी वर्षों तक परेशानी का कारण बन जाती है। ग्राम बिछरहटा निवासी गोरेलाल सेन पिता श्री पारसनाथ सेन के साथ भी ऐसा ही हुआ। उनके आधार कार्ड में लिंग (जेंडर) के स्थान पर पुरुष के बजाय महिला दर्ज होने के कारण वे लगभग पांच वर्षों से विभिन्न शासकीय कार्यों में कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। कई बार प्रयास करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर गोरेलाल सेन ने कलेक्टर संजय कुमार जैन से मिले और अपनी समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और नागरिक को तत्काल राहत दिलाने के उद्देश्य से ई-गवर्नेंस प्रबंधक धीरज प्रताप सिंह को अपने कक्ष में बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उनकी बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा प्रबंधक ई-गवर्नेंस के आधार कार्ड में दर्ज त्रुटि का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

 

कलेक्टर के निर्देश मिलते ही ई-गवर्नेंस ने प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और मात्र 10 मिनट के भीतर आधार कार्ड में दर्ज लिंग (जेंडर) संबंधी त्रुटि का सफलतापूर्वक सुधार कर दिया। वर्षों से लंबित समस्या के कुछ ही मिनटों में निराकरण से गोरेलाल सेन भावुक हो उठे। गोरेलाल सेन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “मैं पिछले पांच वर्षों से इस त्रुटि को ठीक कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था, लेकिन सफलता नहीं मिली।कलेक्टर से मिलने के बाद कुछ ही मिनटों में मेरी समस्या का समाधान हो गया। इसके लिए मैं कलेक्टर महोदय एवं जिला प्रशासन का हृदय से आभारी हूँ।” कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक नागरिक की शिकायत का संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। गोरेलाल सेन की यह कहानी केवल एक आधार कार्ड की त्रुटि सुधारने की नहीं, बल्कि नागरिक-केंद्रित प्रशासन, संवेदनशील नेतृत्व और सुशासन की प्रभावी कार्यसंस्कृति की कहानी है। कलेक्टर के नेतृत्व में मऊगंज जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button