प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, समयबद्ध तैयारी के दिए निर्देश

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, समयबद्ध तैयारी के दिए निर्देश

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:सीतामढ़ी बिहार

आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त, 2026) के गरिमामय एवं सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित रंजन भी उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्य समारोह स्थल डुमरा परेड मैदान सहित जिले के अन्य समारोह स्थलों पर साफ-सफाई, साज-सज्जा, प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड, मार्चपास्ट, खेलकूद प्रतियोगिताओं, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा सुविधा एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि मुख्य समारोह का आयोजन डुमरा परेड मैदान में प्रातः 9:00 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ होगा। इसके उपरांत जिला सशस्त्र पुलिस, जिला गृह रक्षा वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), महिला बल, एसएपी, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बी-सैप), एनसीसी तथा युवा दलों द्वारा आकर्षक परेड एवं मार्चपास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 10:00 बजे समाहरणालय परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि अन्य सभी सरकारी कार्यालयों में निर्धारित समयानुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परेड का पूर्वाभ्यास 9 अगस्त से प्रारंभ किया जाए तथा 13 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे अंतिम पूर्वाभ्यास सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, नजारत उप समाहर्ता, नगर आयुक्त एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को समारोह स्थल की समुचित तैयारी, मंच व्यवस्था, साफ-सफाई, जलापूर्ति, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु यातायात प्रभारी को पुलिस अधीक्षक से समन्वय स्थापित कर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं देशभक्ति का पर्व है। सभी विभाग अपने-अपने उत्तरदायित्वों का समयबद्ध, समन्वित एवं गंभीरता से निर्वहन करें तथा समारोह से कम-से-कम एक सप्ताह पूर्व सभी तैयारियाँ पूर्ण कर लें, ताकि राष्ट्रीय पर्व पूरे जिले में उत्सव एवं महोत्सव के रूप में गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चिन्हित महादलित टोलों में संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) बृजकिशोर पांडेय सहित विभिन्न विभागों के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button