
गरिमापूर्ण रुप से हो स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का आयोजन- कलेक्टर श्री जैन
स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह की तैयारियों के संबंध में बैठक संपन्न
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में 15 अगस्त 2026 (स्वतंत्रता दिवस) के मुख्य समारोह के आयोजन की तैयारियों के संबंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने जिले में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने सहित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिये ।
उन्होंने ने बताया कि जिला मुख्यालय में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के सभी कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परेड ग्राउंड मऊगंज में होंगे। सभी कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज के फहराने का समय 7 से 8 के बीच होगा। तहसीलदार को निर्देश दिया गया कि पुलिस परेड ग्राउंड के कार्यक्रम में अतिथियों की समुचित बैठक व्यवस्था व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही उन्हें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के कार्यक्रम में बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ उन्हें घर से लाने और वापस ले जाने की जिम्मेदारी दी गई। मुख्य समारोह में माइक और साउंड बॉक्स की व्यवस्था मुख्य नगर पालिका अधिकारी के जिम्मे रहेगी। मुख्य समारोह के लिए वाटरप्रूफ पंडाल की देखरेख सीएमओ को सौंप गई है। विद्युत व्यवस्था की जिम्मेदारी कार्यपालन अधिकारी एमपीईबी देखेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्य समारोह में होने वाली परेड की रिहर्सल 07 अगस्त से प्रारंभ कर 12 अगस्त तक होगी। एंबुलेंस, हैंड सेनीटाइजर की समुचित व्यवस्था सीएमएचओ करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट कार्यालय भवन सहित सभी शासकीय कार्यालयों व भवनों तथा सार्वजनिक स्थलों व भवनों पर 14 अगस्त से ही तिरंगे के रंग की रोशनी की जाएगी । बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र, अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

