बिहारप्रशासनसीतामढ़ी

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सिमरा विद्युत भवन में सोलर मेला आयोजित

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सिमरा विद्युत भवन में सोलर मेला आयोजित

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:सीतामढ़ी बिहार 

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने एवं अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से गुरुवार को सिमरा स्थित विद्युत भवन परिसर में सोलर मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय, उप विकास आयुक्त सुश्री श्वेता भारती एवं विद्युत अधीक्षण अभियंता, मुजफ्फरपुर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाभुक एवं विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे।

 

सोलर मेले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी आम लोगों को दी गई। सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना, योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं एवं अनुदान, आवेदन प्रक्रिया तथा इससे होने वाले आर्थिक एवं पर्यावरणीय लाभों के बारे में विशेषज्ञों एवं संबंधित पदाधिकारियों द्वारा विस्तार से बताया गया। मेले में सोलर उपकरणों से संबंधित जानकारी एवं प्रदर्शन की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों को योजना को समझने में सुविधा हुई।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केवल घरेलू बिजली की आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल नहीं है, बल्कि यह स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने वाला दूरगामी कदम भी है। सौर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी तथा पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा आम उपभोक्ताओं के हित को ध्यान में रखते हुए योजना के तहत महत्वपूर्ण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

 

जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक संख्या में इसका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि अपने घर की छत पर सोलर संयंत्र स्थापित कर लोग बिजली की जरूरत को काफी हद तक स्वयं पूरा कर सकते हैं। इससे बिजली खर्च में कमी आने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के संबंध में आम लोगों के बीच व्यापक जागरूकता पैदा की जाए तथा इच्छुक लाभुकों को आवेदन से लेकर संयंत्र स्थापना तक आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।

 

उप विकास आयुक्त सुश्री श्वेता भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ने से न केवल परिवारों के बिजली खर्च को कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के साथ सतत विकास के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने लोगों से योजना की जानकारी अपने आसपास के अन्य परिवारों तक पहुंचाने तथा पात्र परिवारों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

 

कार्यक्रम के दौरान योजना से लाभान्वित कुछ उपभोक्ताओं ने अपने अनुभव भी साझा किए। लाभुकों ने बताया कि घर पर सोलर संयंत्र लगने से उन्हें बिजली की उपलब्धता एवं खर्च के स्तर पर काफी सुविधा मिली है। उन्होंने योजना को आम परिवारों के लिए उपयोगी बताते हुए अन्य लोगों से भी इसका लाभ लेने की अपील की।

 

सोलर मेले में उपस्थित पदाधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा योजना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की पहुंच अधिक से अधिक परिवारों तक सुनिश्चित करना रहा।

 

इस संबंध में कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग के द्वारा जानकारी दी गई कि पीएम सूर्य योजना के तहत जिले में कुल 627 घरों में अधिष्ठापन किया गया। प्राप्त आवेदनों के विरुद्ध अग्रेतर कार्य किया जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि इस योजना के क्रियान्वयन में सीतामढ़ी का स्थान पूरे राज्य में 9 वाँ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button