
पुणे में ‘ऑलकार्गो स्कूल ऑफ लॉजिस्टिक्स’ की स्थापना; 100 छात्रों को पूरी तरह नि:शुल्क एमबीए का अवसर
‘ऑलकार्गो समूह’ और ‘फ्युएल स्किलटेक एंड आंत्रप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी’ के बीच समझौता करार; 15 करोड़ रुपये का योगदान
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे, वंचित और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को लॉजिस्टिक्स व सप्लाई चेन क्षेत्र में करियर के वैश्विक अवसर उपलब्ध कराने के लिए ‘ऑलकार्गो समूह’ ने पहल की है। समूह की सामाजिक प्रतिबद्धता पहल के तहत कार्यरत ‘अवश्य फाउंडेशन’ के माध्यम से पुणे स्थित ‘फ्युएल स्किलटेक एंड आंत्रप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी’ (एफएसयू) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता करार किया गया है। इस करार के अंतर्गत विश्वविद्यालय के पुणे कैंपस में ‘ऑलकार्गो स्कूल ऑफ लॉजिस्टिक्स’ की स्थापना की जाएगी।
प्रधानमंत्री के कौशल विकास अभियान को समर्थन देने के लिए ऑलकार्गो समूह ने इस संस्थान की स्थापना के लिए 15 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। इस पहल के अंतर्गत 100 पात्र छात्रों को ‘लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन मैनेजमेंट’ विषय में दो वर्षीय पूरी तरह नि:शुल्क एमबीए पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसमें पहले वर्ष 50 छात्रों को और दूसरे वर्ष 50 छात्रों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। मेरिट-कम-मीन्स छात्रवृत्ति के लिए पात्र तथा महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ परिवार से पहली बार उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। आगामी 30 नवंबर को ‘एनएसई सोशल स्टॉक एक्सचेंज’ पर फ्युएल के दूसरे इश्यू के साथ इस संस्थान का औपचारिक शुभारंभ होगा।
इस अवसर पर बोलते हुए ऑलकार्गो समूह के अध्यक्ष व संस्थापक और आईआईएम मुंबई के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष शशि किरण शेट्टी ने कहा कि, “भारत के आर्थिक विकास में लॉजिस्टिक्स क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हालांकि, ग्रामीण और वंचित वर्गों के कई युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व कौशलों की कमी इस क्षेत्र में आने में बड़ी बाधा बनती है। ‘ऑलकार्गो स्कूल ऑफ लॉजिस्टिक्स’ के माध्यम से स्नातक व स्नातकोत्तर शिक्षा का अवसर न पा सके पात्र छात्रों को उद्योग जगत के अनुरूप ज्ञान देकर इस खाई को पाटने का हमारा उद्देश्य है। अवसर मिलने पर इंसान का जीवन बदल सकता है, इस पर मेरा दृढ़ विश्वास है।”
फ्युएल के अध्यक्ष और ‘फ्युएल स्किलटेक एंड आंत्रप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी’ के संस्थापक कुलपति डॉ. केतन देशपांडे ने कहा कि, “हमारे स्कूल ऑफ लॉजिस्टिक्स को नाम देकर उसे मजबूत आधार देने के लिए हम शशि किरण शेट्टी, आदर्श हेगडे और ऑलकार्गो समूह के हृदय से आभारी हैं। यह केवल आर्थिक अनुदान नहीं है, बल्कि एक मार्गदर्शक का हमारे छात्रों पर यह विश्वास है। उद्योग संस्थानों और कंपनियों के सहयोग से अप्रेंटिसशिप कार्यक्रमों के माध्यम से हम एक प्रोजेक्ट-आधारित और उद्योग-संगत संस्थान तैयार करेंगे, जो परिवार से पहली बार पढ़ने वाले युवाओं को लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में सार्थक करियर दिलाएगा।”

