
जनसुनवाई में सुनी गई 47 आवेदकों की समस्याएं
अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को सुना। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 47 आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही आवेदक को उसके आवेदन पर की गई कार्यवाही से अवगत कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम पंडित पुरवा निवासी रामचंद्र रजक ने अवरुद्ध रास्ता को बहाल कराए जाने का आवेदन प्रस्तुत किया जिस पर अपर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार को स्थल निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम अटरिया निवासी अखिलेश कुमार पटेल ने विद्युत बिल अधिक आने की शिकायत प्रस्तुत की। जिस पर विद्युत विभाग को आवश्यक जांच एवं कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में मऊगंज के निवासी ऋषभ पटेल ने टूटे विद्युत पोल को विभाग द्वारा नहीं बदले जाने की समस्या रखी। अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में नैतिक केसरवानी ने स्कूल द्वारा जारी स्थानांतरण प्रमाण-पत्र में पिता का नाम गलत अंकित होने तथा सही दस्तावेज प्रस्तुत करने के बावजूद सुधार नहीं किए जाने संबंधी आवेदन दिया। प्रकरण में शिक्षा विभाग संबंधित अधिकारियों को दस्तावेजों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार मऊगंज के जमुई निवासी अनिल पाण्डेय ने वर्षा के कारण मकान के आसपास जलभराव एवं घर में पानी प्रवेश करने की समस्या से अवगत कराया। अपर कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थल निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में मौके पर कार्यवाही संभव है, उनमें तत्काल कार्यवाही की जाए तथा अन्य प्रकरणों में नियमानुसार समय-सीमा निर्धारित कर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। आवेदक को आवेदन पर की गई कार्यवाही की जानकारी देना भी सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई में संबंधित विभागों के अधिकारी गण उपस्थित रहे।


