औरैयाउत्तर प्रदेशप्रशासन

औरैया: पीआरडी जवानों को बड़ी सौगात, प्रशिक्षण केंद्र से लेकर कैशलेस चिकित्सा तक का लाभ

औरैया: पीआरडी जवानों को बड़ी सौगात, प्रशिक्षण केंद्र से लेकर कैशलेस चिकित्सा तक का लाभ

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश

औरैया, । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष दिबियापुर राघव मिश्रा, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जनप्रतिनिधियों, संबंधित अधिकारियों एवं पीआरडी जवानों ने देखा और सुना।

 

मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ के सरोजिनी नगर स्थित ग्राम पटवा परिषद में ₹23 करोड़ की लागत से बहुमंजिला पीआरडी बैरक एवं अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र के शिलान्यास के साथ मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष दिबियापुर राघव मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पीआरडी जवानों के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। इनमें अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और मानदेय में बढ़ोतरी शामिल है।

 

उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निर्धारित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ अब पात्र पीआरडी स्वयंसेवकों को भी मिल सकेगा। बीमारी अथवा स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में यह सुविधा जवानों के लिए काफी मददगार साबित होगी।

 

उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से अब तक पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि करते हुए इसे ₹600 प्रतिदिन किया गया है। उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ने के साथ जवानों की जिम्मेदारी भी बढ़ी है। ऐसे में सभी पीआरडी जवानों को अनुशासन, दक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।

 

राघव मिश्रा ने बताया कि जनपद औरैया में भी पीआरडी जवानों के लिए प्रशिक्षण हॉल तैयार किया जा रहा है। आने वाले समय में जिला एवं मंडल स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था किए जाने के साथ प्रदेश स्तर पर भी बड़े प्रशिक्षण केंद्र को विकसित किया जा रहा है।

 

वहीं जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार पीआरडी जवानों के हितों के प्रति संवेदनशील है और उनके कल्याण के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सभी पात्र पीआरडी जवानों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि पीआरडी जवानों की कार्यक्षमता और दक्षता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण एवं अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जाना आवश्यक है। सरकार की इन पहलों से पीआरडी जवानों को स्वास्थ्य, प्रशिक्षण और आर्थिक स्तर पर लाभ मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button