
औरैया: कंचौसी में जन-चौपाल, चकबंदी से जुड़ी किसानों की समस्याएं सुनी गईं
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद की अध्यक्षता में ग्राम कंचौसी में जन-चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव में चल रही चकबंदी प्रक्रिया से संबंधित किसानों की समस्याएं सुनी गईं और उनकी आपत्तियां भी दर्ज की गईं।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्राप्त आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब चकबंदी अधिकारी सदर गांव में ही बैठकर किसानों की चकबंदी संबंधी समस्याओं का समाधान करेंगे, जिससे ग्रामीणों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने चकबंदी अधिकारी सदर को निर्देश दिए कि ग्राम के प्रत्येक मजरे में बैठक आयोजित कर किसानों से चकबंदी संबंधी आपत्तियां प्राप्त की जाएं और उनका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है। गांव में ही अधिकारियों की मौजूदगी से किसानों को राहत मिलेगी और चकबंदी प्रक्रिया से जुड़ी आपत्तियों के निस्तारण में भी तेजी आएगी।
जन-चौपाल में चकबंदी अधिकारी सदर, नायब तहसीलदार सदर, पेशी कानूनगो, राजस्व निरीक्षक क्षेत्र कंचौसी, चकबंदीकर्ता, लेखपाल, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


