
इटावा में पुलिस मुठभेड़: हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। थाना जसवंतनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए भेजा गया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक उर्फ बंजारा पुत्र अशोक, निवासी ग्राम कोठी कैस्त, थाना जसवंतनगर, इटावा, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में की है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को शिवम उर्फ शेखू को गोली मारकर घायल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अभिषेक उर्फ बंजारा तथा सुमित उर्फ लाखा के खिलाफ थाना जसवंतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश और कॉम्बिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान कचौरा बाईपास रेलवे ओवरब्रिज के पास नहर पुल की ओर झाड़ियों में छिपे आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभिषेक के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, दूसरा आरोपी सुमित उर्फ लाखा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
मामले में थाना जसवंतनगर पर पुलिस मुठभेड़ एवं आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह के नेतृत्व में थाना जसवंतनगर पुलिस टीम द्वारा की गई।



