
जनगणना-2027 के लिए फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुरू
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना कार्य को सुचारु, प्रभावी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में शुरू हुआ। प्रशिक्षण के लिए कुल 60 फील्ड ट्रेनर्स को 30-30 के दो बैचों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहला बैच 7 से 9 अक्टूबर तथा दूसरा बैच 14 से 16 अक्टूबर तक प्रातः 9 बजे से आयोजित होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी, इटावा के संबोधन से हुआ। उन्होंने जनगणना कार्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए फील्ड ट्रेनर्स से प्रशिक्षण को गंभीरता एवं पूरी तत्परता के साथ प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी जनसंख्या गणना कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराया जाए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी बिपिन कुमार, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) सदर एवं प्रभारी अधिकारी जनगणना राकेश सिंह, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) सैफई श्वेता मिश्रा, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी बृजेन्द्र गोयल तथा जिला प्रभारी जनगणना पुलकिता शर्मा मौजूद रहीं।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर संतोष कुमार शर्मा एवं मो. जावेद खान ने जनगणना से संबंधित महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं, बिंदुओं एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी। फील्ड ट्रेनर्स को यह भी बताया गया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को आगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।
जनपद में फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 24 अक्टूबर से तीन बैचों में प्रस्तावित है। द्वितीय चरण में स्वगणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक कराया जाएगा।

