प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

कमिश्नर ने विभिन्न आवेदनों पर की सुनवाई

कमिश्नर ने विभिन्न आवेदनों पर की सुनवाई

किसी ने जमीन का कब्जा दिलाने तो किसी ने राशन सप्लाई का भुगतान दिलाने की शिकायत की

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

  रीवा . शासन के निर्देश अनुसार प्रति मंगलवार को आम जनों की समस्या एवं शिकायतों के निराकरण के लिए जनसुनवाई के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। आज आयोजित जनसुनवाई में रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने रीवा संभाग के सतना, मैहर, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज एवं रीवा जिले के विभिन्न क्षेत्र एवं ग्राम पंचायतों से आए आवेदनकर्ताओं की शिकायत एवं समस्याओं को सुना एवं सभी शिकायतों का यथा संभव निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। तहसील रामपुर बघेलान के ग्राम मढ़ी से आये दीनदयाल अग्निहोत्री ने ग्राम में स्थित अपनी भूमि का कब्जा दिलाने से संबंधित आवेदन कमिश्नर के समक्ष प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने कलेक्टर सतना को प्रकरण की जांच कर, जांच में शिकायत सही पाए जाने पर शिकायतकर्ता को जमीन का कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। रीवा की रितु गुहा ने बाल संप्रेक्षण गृह रीवा में खाद्यान्न एवं राशन की सप्लाई की राशि का अब तक भुगतान न होने की शिकायत की और बताया कि करीब 13 लाख रुपए का भुगतान अभी तक उन्हें प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने राशि का भुगतान कराने से संबंधित आवेदन दिया। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग को संपूर्ण मामले की जांच कर शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए। मोहन प्रसाद तिवारी ग्राम भरमा ने अपने शिकायती आवेदन में बताया कि ग्राम भरमा पटवारी हल्का पिपरी में स्थित उनकी भूमि का उनकी सहमति के बिना नक्शा तरमीम एवं बंटाकन के आदेश जारी किए गए हैं। कमिश्नर द्वारा कलेक्टर रीवा को संपूर्ण मामले का परीक्षण कर प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए गए।

 

 

ग्राम भनिगवां तहसील जवा के भारत लाल साकेत ने अपने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि उनकी जमीन को पटवारी द्वारा राजस्व रिकॉर्ड में किसी अन्य व्यक्ति के नाम नामांतरित कर दी गई है। कमिश्नर ने एसडीएम जवा को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बाणसागर कॉलोनी निवासी लक्ष्मण प्रसाद सोंधिया ने अपने शिकायती आवेदन में बताया कि तहसीलदार हुजूर उन्हें उनके दस्तावेज प्रदान नहीं कर रहे हैं, उन्होंने दस्तावेज प्रदान करने की मांग की। कमिश्नर ने डीसीआर को संपूर्ण मामले की जांच करने के निर्देश दिए। ग्राम शिवपुरवा तहसील गोविंदगढ़ के राम सजीवन कुशवाहा ने बताया कि वे लोक निर्माण विभाग में स्थाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे। जुलाई 2024 में सेवानिवृत्त हुए लेकिन अभी तक भविष्य निधि की राशि का भुगतान विभाग द्वारा नहीं किया गया है। कार्यालय का चक्कर लगाकर वे परेशान हो चुके हैं, लेकिन समस्या का हल नहीं हुआ। कमिश्नर ने सीई लोक निर्माण विभाग को तत्काल प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए और कहा कि शिकायत सही पाए जाने पर भविष्य निधि की राशि का भुगतान जल्द से जल्द किया जाए। निपानिया निवासी नाजरीन बेगम ने निपानिया वार्ड क्रमांक एक में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक एक में हुई आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति संबंधी पात्रता एवं दस्तावेज की जांच की मांग की। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग को पात्रता एवं दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए।

 

 

ग्राम बेलदरा के उप सरपंच पुष्पेंद्र सिंह ने ग्राम पंचायत बेलदरा में खेत तालाब का निर्माण कार्य किए बिना उपयंत्री द्वारा फर्जी मूल्यांकन करने की जांच की मांग की गई। कमिश्नर ने मुख्य कार्यपालन यंत्री आरईएस को आवेदनकर्ता की शिकायत की जांच करने के निर्देश दिए गए। प्राथमिक शाला शिक्षक राजेंद्र कुमार पाण्डेय ने प्राथमिक शाला में आरो घोटाले की जांच करने एवं अब तक उन्हें क्रमोन्नति की राशि का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को प्रकरण की जांच कर शिकायत का समाधान करने के निर्देश दिए। रतहरा रीवा की सुप्रिया द्विवेदी ने मेडिकल कॉलेज में टेक्नीशियन की नियुक्ति में धांधली की जांच करने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने डीन मेडिकल कॉलेज को शिकायती आवेदन की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

 

 

आज आयोजित जनसुनवाई में ग्राम पंचायत मदरी में तालाब सौंदर्यीकरण एवं इको पार्क के नाम पर शासकीय राशि का भारी दुरुपयोग होने से संबंधित शिकायत एवं ग्राम पनगढी खुर्द से वन पतई एवं पनगड़ी कला के पोखरी टोला, यादव बस्ती एवं हरिजन बस्ती के लगभग चार से पाँच हजार लोगों के लिए आम रास्ता बहाल करने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। कमिश्नर ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायती आवेदनों की जांच कर सभी शिकायत का उचित निराकरण करने एवं निराकरण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में संयुक्त आयुक्त श्री वीरेंद्र पटेल, उपायुक्त राजस्व श्री एलएल अहिरवार, डिप्टी कमिश्नर श्रीमती दिव्या त्रिपाठी एवं सभी संबंधित विभाग के संभागीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button