उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

डीएम बृजेश कुमार ने ग्राम पंचायत नौली के मजरा लालपुर का किया आकस्मिक निरीक्षण, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं।

डीएम बृजेश कुमार ने ग्राम पंचायत नौली के मजरा लालपुर का किया आकस्मिक निरीक्षण, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं।

पात्र परिवारों को आवास, शौचालय एवं उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिलाने के निर्देश; स्कूल से वंचित बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर।

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया :जिलाधिकारी बृजेश कुमार द्वारा विकास खण्ड भाग्यनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत नौली के मजरा लालपुर का आकस्मिक स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने अवगत कराया कि गांव के कई अत्यंत निर्धन परिवार अभी तक पक्के आवास एवं व्यक्तिगत शौचालय की सुविधा से वंचित हैं। इस पर मौके पर 18 परिवारों द्वारा आवास तथा 14 परिवारों द्वारा व्यक्तिगत शौचालय की मांग की गयी। जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी, भाग्यनगर को निर्देशित किया कि संबंधित परिवारों का पात्रता के आधार पर सत्यापन कराते हुए पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना/मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय उपलब्ध कराने हेतु अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

उज्ज्वला योजना के तहत लगेगा विशेष शिविर

ग्रामीणों द्वारा यह भी बताया गया कि कुछ गरीब परिवारों के पास अभी तक रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध नहीं है। जिलाधिकारी ने समस्या का त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि 31 अगस्त 2026 को मजरा लालपुर में विशेष शिविर आयोजित कराया जाए। शिविर में पात्र परिवारों का सत्यापन कर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को शीघ्र गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

स्कूल न जाने वाले बच्चों का होगा घर-घर सर्वे

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से बातचीत में यह तथ्य भी सामने आया कि गांव के कई बच्चे अभी नियमित रूप से विद्यालय नहीं जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), भाग्यनगर को निर्देशित किया कि 31 अगस्त 2026 को मजरा लालपुर में विशेष शिविर लगाकर डोर-टू-डोर सर्वे कराया जाए। सर्वे के दौरान स्कूल से बाहर अथवा विद्यालय न जाने वाले बच्चों को चिन्हित कर उनका नजदीकी विद्यालय में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही अभिभावकों एवं बच्चों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए तथा ग्रामीणों द्वारा बतायी गयी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उक्त अवसर पर जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, खंड विकास अधिकारी भाग्यनगर अतुल कुमार लेखपाल नौली सहित भारी संख्या में ग्रामीण आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button