परसौनी-सीतामढ़ी के बीच बनेगा ROB, पहुंच पथ के लिए 110.42 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। परसौनी-सीतामढ़ी रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या-56 (रेलवे किमी 104/8-9) के स्थान पर प्रस्तावित सड़क ऊपरी पुल (ROB) के पहुंच पथ निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग ने पहुंच पथ निर्माण कार्य के लिए प्रथम पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
प्रेस नोट के अनुसार, परियोजना की कुल संशोधित लागत 11,042.46 लाख रुपये यानी करीब 110.42 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसमें राज्यांश 10,049.66 लाख रुपये तथा रेलवे अंश 992.80 लाख रुपये शामिल है।
पहुंच पथ सहित सड़क ऊपर पुल का संपूर्ण निर्माण कार्य बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (BRPNNL) द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में राज्यांश के अतिरिक्त शेष राशि रेलवे से प्राप्त की जाएगी।
लेवल क्रॉसिंग संख्या-56 पर ROB का निर्माण लंबे समय से महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी इस परियोजना के पहुंच पथ से संबंधित पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन की कार्रवाई का उल्लेख किया गया है।
फाटक पर जाम से मिलेगी राहत
ROB और उसके पहुंच पथ के निर्माण से रेलवे फाटक पर बार-बार लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। परियोजना पूरी होने के बाद परसौनी और सीतामढ़ी के बीच आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।



