
पुरानी आवासीय इमारतों का पुनर्विकास अब एआई से होगा आसान
‘रीडेवलपमेंट गुरु’ के जरिए सोसायटी सदस्यों को मिलेगी निःशुल्क और विश्वसनीय जानकारी
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे,। पुरानी आवासीय इमारतों और हाउसिंग सोसायटियों के पुनर्विकास की जटिल प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पुणे स्थित पुनर्विकास सलाहकार संस्था ड्रीम्स रीडेव्हलप्ड ने ‘रीडेवलपमेंट गुरु’ नामक व्हॉट्सऐप आधारित एआई सहायक सेवा शुरू की है। इसके माध्यम से सोसायटी सदस्य पुनर्विकास से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे और उन्हें सरकारी एवं सत्यापन योग्य स्रोतों के आधार पर जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
संस्था के संस्थापक एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट एस. लक्ष्मीनारायणन ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पुनर्विकास के दौरान सोसायटी सदस्यों और डेवलपर्स के बीच जानकारी की बड़ी खाई रहती है। डेवलपर्स इस क्षेत्र में लगातार काम करते हैं, जबकि अधिकांश सदस्यों के लिए पुनर्विकास का फैसला जीवन में कभी-कभार ही आता है। ऐसे में कानूनी, आर्थिक, वास्तु एवं नियामकीय जानकारी स्पष्ट रूप से मिलना जरूरी है।
लक्ष्मीनारायणन के अनुसार, अपनी हाउसिंग सोसायटी के पुनर्विकास के दौरान अध्यक्ष के रूप में काम करते समय उन्हें इस सेवा की जरूरत महसूस हुई। एक सदस्य के सवाल का तत्काल जवाब उपलब्ध नहीं होने के बाद उन्होंने सदस्यों को पुनर्विकास संबंधी विश्वसनीय जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने की पहल की।
‘रीडेवलपमेंट गुरु’ को विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और उन सदस्यों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिनकी जीवनभर की बड़ी पूंजी उनके घर में निवेशित है। सदस्य व्हॉट्सऐप के माध्यम से सवाल पूछ सकते हैं। उन्हें महारेरा, पंजीकरण एवं मुद्रांक विभाग (आईजीआर) के रिकॉर्ड तथा संबंधित नियमों जैसे सत्यापन योग्य स्रोतों पर आधारित जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
यह सेवा सदस्यों को डेवलपर, सोसायटी समिति, वास्तुकार और कानूनी विशेषज्ञों के साथ बैठकों के दौरान पूछे जाने वाले महत्वपूर्ण सवालों को समझने में भी मदद करेगी।
व्हॉट्सऐप पर ‘Guru’ लिखें
सेवा का उपयोग करने के लिए सदस्य 9699653592 नंबर पर व्हॉट्सऐप के जरिए ‘Guru’ लिखकर संदेश भेज सकते हैं। फिलहाल यह सेवा निःशुल्क है।
संस्था के मुताबिक, ‘रीडेवलपमेंट गुरु’ का उद्देश्य पुनर्विकास की कागजी प्रक्रिया को तुरंत पूरा कराने का दावा करना नहीं, बल्कि सदस्यों को सही जानकारी और निर्णय लेने के लिए आवश्यक स्पष्टता उपलब्ध कराना है।
वर्ष 2020 में स्थापित ड्रीम्स रीडेव्हलप्ड के अनुसार, संस्था अब तक 400 से अधिक हाउसिंग सोसायटियों के साथ काम कर चुकी है और 125 व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार की हैं। इनमें से 24 परियोजनाओं का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। संस्था के नेटवर्क में 112 डेवलपर्स तथा 40 से अधिक सहयोगी विशेषज्ञ शामिल हैं।
फिलहाल संस्था पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में कार्यरत है। महाराष्ट्र में सेवा का विस्तार करने की योजना है। व्यवहार्यता रिपोर्ट, विशेष आमसभा के दस्तावेजों की जांच, करार की जांच और डेवलपर सत्यापन जैसी सशुल्क सेवाओं के लिए वेब एप्लिकेशन तथा बाद में मोबाइल एप्लिकेशन शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है।



