उत्तर प्रदेशप्रशासनलखनऊ

बरसात में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नाला-नालियों की सफाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो: मंत्री श्री ए. के. शर्मा*

बरसात में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नाला-नालियों की सफाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो: मंत्री श्री ए. के. शर्मा*

 

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:लखनऊ, उत्तर प्रदेश 

 

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने आज लखनऊ में नगर विकास विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में बरसात के दृष्टिगत जल निकासी, नाला-नालियों की सफाई, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

 

मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने नाला-नालियों की सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की प्रमुख वजहों में नाला-नालियों का अवरुद्ध होना भी शामिल है। इसलिए सभी नगर निकायों में नाला-नालियों की सफाई का कार्य पूरी गंभीरता के साथ कराया जाए। सफाई के बाद निकली सिल्ट और कचरे का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वह दोबारा नालियों में न पहुंचे। उन्होंने सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में प्रत्येक वर्ष जलभराव की समस्या सामने आती है, उन्हें चिन्हित कर वहां प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

उन्होंने पेयजल आपूर्ति की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में पेयजल की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। नागरिकों को पर्याप्त एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। जहां कहीं पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतें प्राप्त हों, उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

 

मंत्री ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर नगरीय व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शहरों में लोगों की आवाजाही और भीड़ बढ़ती है। ऐसे में साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को पहले से ही दुरुस्त रखा जाए। धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई कराई जाए और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था की जाए।

 

श्री ए. के. शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि नगर निगमों और नगर निकायों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इस दिशा में नगर निकायों की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण है।

 

बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास श्री पी. गुरु प्रसाद, सचिव, निदेशक स्थानीय निकाय श्री अनुज कुमार झा, श्री प्रवीण लक्षकार, श्री महेंद्र बहादुर सिंह, श्रीमती ऋतु सुहास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे। वहीं प्रदेश के अन्य नगर निगमों के नगर आयुक्त, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, मुख्य अभियंता तथा जलकल के महाप्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button