
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित
शत-प्रतिशत कवरेज, सूचनाओं की शुद्धता एवं गोपनीयता सुनिश्चित करने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया: जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक एवं सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य की तैयारियों, कार्मिकों के प्रशिक्षण, क्षेत्र निर्धारण, विभागीय समन्वय तथा निर्धारित प्रपत्रों/प्रश्नावली के अनुसार सूचनाओं के संकलन की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारी एवं कार्मिक निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं प्रश्नावली का भली-भांति अध्ययन कर लें। द्वितीय चरण में परिवारों से शासन द्वारा निर्धारित बिंदुओं पर जानकारी लिए जाने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रगणक प्रत्येक मकान एवं परिवार तक पहुंचकर निर्धारित प्रश्नों के आधार पर ही जानकारी दर्ज करें। किसी भी परिवार की जानकारी छूटने न पाए और संकलित सूचनाओं में त्रुटि की संभावना को न्यूनतम रखा जाए।
जिलाधिकारी ने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण, क्षेत्रवार कार्य आवंटन, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा नियमित पर्यवेक्षण को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी समन्वय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश एवं प्रदेश की विकास योजनाओं, नीतियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के बेहतर नियोजन में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ करें।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से जनगणना से संबंधित सूचनाओं की गोपनीयता, शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन को भी जनगणना कार्य में सहयोग करने तथा प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (विo/राo) अविनाश चंद्र मौर्य, समस्त उप जिलाधिकारी,जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, ई डिस्ट्रिक मैनेजर विपिन पाल, तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनपद स्तरीय समिति के सदस्य एवं जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

