
मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली,तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। बकेवर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 9/10 सितंबर की रात निवाड़ी कला तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान अहेरीपुर की ओर से बाइक पर आ रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर अछल्दा की ओर भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जिसके बाद आरोपी ने दोबारा फायरिंग की। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित उर्फ फौजी (26) पुत्र रामचन्द्र, निवासी ब्रह्मनगर, थाना कोतवाली इटावा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना कोतवाली इटावा का हिस्ट्रीशीटर HS-293(A) है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 13 अभियोग दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। मोटरसाइकिल के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
मामले में थाना बकेवर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई थानाध्यक्ष विपिन मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।



