
जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने 100 शैय्या चिकित्सालय का किया निरीक्षण, स्वाइन फ्लू की रोकथाम एवं उपचार व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया । जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने जनपद में स्वाइन फ्लू की संभावित स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए 100 शैय्या चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में मरीजों के लिए उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, दवाओं, आवश्यक उपकरणों, साफ-सफाई, चिकित्सकीय स्टाफ तथा संक्रमण से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों एवं अधिकारियों से स्वाइन फ्लू से संबंधित मामलों, मरीजों की स्थिति तथा अस्पताल में उपलब्ध तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वाइन फ्लू के संभावित मामलों को लेकर पूर्ण सतर्कता एवं तत्परता बरती जाए। अस्पताल में आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही मरीजों के उपचार एवं निगरानी की प्रभावी व्यवस्था रखी जाए। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई एवं संक्रमण नियंत्रण के मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित संक्रमण की स्थिति में मरीजों को समय से बेहतर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वाइन फ्लू के लक्षणों, बचाव के उपायों एवं उपचार संबंधी जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए आवश्यक जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएं।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए।
उक्त के अतिरिक्त जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में स्थिति विभिन्न वार्डों यथा आकस्मिक वार्ड, सामान्य वार्ड, परीक्षण प्रयोगशाला, आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने एन आर सी सेंटर का निरीक्षण कर भर्ती कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की और अभिभावकों से कहा कि डिस्चार्ज के समय काउंसलिंग में जो बातें बताई जाती है उन्हें अपनाये और बच्चों को कुपोषण मुक्त करने में सहयोग करें।



