
जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने ग्राम पंचायत बुढ़ादाना में डिजिटल लाइब्रेरी का किया निरीक्षण।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया : जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने ग्राम पंचायत बुढ़ादाना में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डिजिटल लाइब्रेरी में उपलब्ध कंप्यूटर, इंटरनेट, ई-लर्निंग सामग्री, डिजिटल संसाधनों एवं अध्ययन व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की डिजिटल लाइब्रेरी विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए ज्ञान और अध्ययन के आधुनिक संसाधनों तक पहुंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने परियोजना निदेशक डीआरडीए/प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार मौर्य को निर्देशित किया कि डिजिटल लाइब्रेरी में उपलब्ध सभी संसाधन सुव्यवस्थित, क्रियाशील एवं विद्यार्थियों के लिए उपयोगी रहें। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, शैक्षणिक अध्ययन एवं ऑनलाइन शिक्षण सामग्री का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। डिजिटल संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से उनकी शैक्षिक क्षमता एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई दिशा मिल सकती है।
उन्होंने लाइब्रेरी की नियमित साफ-सफाई, विद्युत एवं इंटरनेट व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण निरंतर उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए/प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार मौर्य, ग्राम प्रधान मोहित सिंह सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



