
प्रभाग 8 व 9 के गणेश विसर्जन घाटों की तैयारियों का उपमहापौर ने लिया जायजा
स्वच्छता, ड्रेनेज, विद्युत व्यवस्था और विसर्जन हौदों के काम समय पर पूरा करने के निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे। गणेशोत्सव के मद्देनजर पुणे महानगरपालिका की ओर से गणेश विसर्जन के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने शनिवार सुबह 6 बजे औंध-बोपोडी परिसर स्थित महादेव घाट से निरीक्षण की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रभाग क्रमांक 8 और 9 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गणेश विसर्जन घाटों का दौरा कर वहां चल रहे कामों की जानकारी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से ली।
गणेश विसर्जन के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा विसर्जन प्रक्रिया सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश वाडेकर ने संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान घाट परिसर में ड्रेनेज दुरुस्ती, स्वच्छता व्यवस्था, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, मंडप और टाकियों की व्यवस्था, गणेश विसर्जन हौदों की स्थिति सहित नागरिकों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे इंतजामों की विस्तृत जानकारी ली गई।
विसर्जन के दिन घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्वच्छता व्यवस्था नियमित रखने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और विसर्जन हौदों एवं टाकियों की उचित देखभाल करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सभी उपाय समय रहते पूरे करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर प्रभाग क्रमांक 8 व 9 के नगरसेवक, प्रभाग समिति अध्यक्ष रोहिणी चिमटे, नगरसेवक सनी निम्हण, नगरसेविका मयुरी कोकाटे, नगरसेविका सपना छाजेड, नगरसेविका भक्ती गायकवाड, महापालिका सहायक आयुक्त गोविंद दांगट, उपअभियंता दीपक लांडे, वरिष्ठ आरोग्य निरीक्षक धनश्री जगदाळे सहित संबंधित आरोग्य निरीक्षक, अभियंते एवं महापालिका अधिकारी उपस्थित थे।
गणेशोत्सव के दौरान नागरिकों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में गणेशमूर्ति विसर्जन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पुणे महानगरपालिका प्रशासन की ओर से घाट परिसर की व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

