विभागीय योजनाओं की प्रगति की हर सप्ताह रिपोर्ट दें – कमिश्नर
गर्भवती महिलाओं के पंजीयन और उपचार में लापरवाही बरतने वालों पर करें कार्रवाई – कमिश्नर
बड़े निर्माण कार्यों के स्थल पर 17 सितम्बर को दीप जलेंगे – कमिश्नर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा: कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि सभी अधिकारी विभागीय योजनाओं की प्रगति की हर सप्ताह रिपोर्ट दें। सीएम हेल्पलाइन में सौ दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का सात दिवस में निराकरण कराएं। अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन के प्रकरण तत्काल दर्ज कराएं। सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। अन्तर्विभागीय समन्वय के बिन्दु बैठक में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। संभागीय प्रबंधक सड़क विकास निगम सोहागी घाटी में घाट सुधार का कार्य दिसम्बर माह तक पूरा कराएं।
कमिश्नर ने कहा कि महिलाओं और शिशुओं की स्वास्थ्य रक्षा के संबंध में तत्परता और संवेदनशीलता से प्रयास करें। इससे जुड़े आंकड़े और रिपोर्ट क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य तथा संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त हस्ताक्षर से प्रस्तुत करें। संभाग के सभी जिलों में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर तक शिविर लगाकर गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत जाँच कराएं। यदि कोई महिला सीवियर एनिमिक पाई जाती है तो तत्काल समुचित उपचार करके पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराएं। शिविर में केवल गर्भवती महिलाओं की ही विशेषज्ञ डॉक्टरों से जाँच कराएं। इसी तरह गर्भवती महिलाओं और शिशुओं के पोषण स्तर में सुधार के लिए भी लगातार प्रयास करें। गर्भवती महिलाओं के पंजीयन और उपचार में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें। गर्भवती महिलाओं की उचित देखभाल और सुरक्षि प्रसव स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। कमिश्नर ने पीएचई विभाग की समीक्षा करते हुए हैण्डपंपों पर अवैध कब्जे में नाराजगी व्यक्त की। कमिश्नर ने कहा कि हैण्डपंप में अवैध कब्जा करने वालों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई करें। पीएचई के कार्यपालन यंत्री संबंधित क्षेत्र के एसडीएम के सहयोग से कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कमिश्नर ने कहा कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के प्रथम दिन सभी जिलों में एक-एक हजार यूनिट रक्त संचय के लिए रक्तदान शिविर आयोजित करें। इसके लिए विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संगठनों तथा आमजनता का सहयोग लें। इसी दिन हर जिले में 10 बड़े निर्माण कार्य स्थलों पर एक-एक हजार आशीर्वाद के दीप जलवाएं। पिछले 12 वर्षों से प्रत्येक जिले में हुए बड़े निर्माण कार्यों को इसमें शामिल करें। इनमें एयरपोर्ट, हाईवे, ओवर ब्रिज, बड़े पुल, बांध, नहरें, बड़े अस्पताल तथा अन्य निर्माण कार्य होंगे। सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के घरों में भी आशीर्वाद का एक दीप 17 सितम्बर को जलेगा। हितग्राहियों से संपर्क करके उनसे दीप जलाने का अनुरोध करें। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अभियान के दौरान 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्र में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रबंध करें। इसी तरह सेवा सेतु अभियान, कहानी बदलाव की तथा सभी शिक्षण संस्थानों में मेरे सपनों का भारत विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। अभियान के संबंध में शासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए पूरी गरिमा के साथ चिन्हित गतिविधि का आयोजन कराएं।
बैठक में कमिश्नर ने खनिज राजस्व की लक्ष्य के अनुसार वसूली के निर्देश दिए। कमिश्नर ने मेडिकल कालेज के डीन को निर्देश देते हुए कहा कि सभी डॉक्टर और चिकित्साकर्मी ड्रेस में अस्पताल में ड्यूटी दें। ड्यूटी टाइम में यदि कोई डॉक्टर प्राइवेट प्रैक्टिस करता पाया जाए तो कड़ी कार्रवाई करें। बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास वीरेन्द्र पटेल, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार, उपायुक्त दिव्या त्रिपाठी तथा संभागीय अधिकारी उपस्थि
त रहे।

