प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

सेवा संकल्प अभियान की समन्वय बैठक संपन्न 

सेवा संकल्प अभियान की समन्वय बैठक संपन्न 

पचमठा बीहर तट में 17 सितम्बर को जलेंगे 55 हजार आशीर्वाद के दीप

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश

 

रीवा . जिले भर में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की रणनीति बनाने तथा कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की समन्वय बैठक जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा। इस दिन कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन करके चार सौ यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। सभी विकासखण्डों में भी रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इस दिन पचमठा में बीहर नदी के तट में बीहर आरती के साथ शाम 7 बजे 55 हजार आशीर्वाद के दीप जगमगाएंगे। सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के घरों में भी इसी दिन आशीर्वाद के दीप जलेंगे। जिले में प्रमुख निर्माण स्थलों पर भी आशीर्वाद के दीप जलाए जाएंगे। इसी तरह जिले भर में विभिन्न्‍ योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए परिवर्तनों को कहानी बदलाव की के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। हितग्राहियों के वीडियो बाइट, फोटो तथा सफलता की कहानी विभागीय अधिकारी जनसम्पर्क विभाग के माध्यम से सोशल मीडिया एवं प्रिंट मीडिया में प्रसारित-प्रचारित करेंगे।

बैठक में बताया गया कि अभियान के दौरान नमो सेवा गाथा के तहत पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं को 10 नुक्कड़ नाटक टीमों द्वारा जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में प्रस्तुत किया जाएगा। यह कार्यक्रम शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा। इसी तरह 17 सितम्बर से 27 सितम्बर तक सभी शिक्षण संस्थाओं में विद्यार्थियों के बीच मेरे सपनों का भारत विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इनके विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। सभी शासकीय और निजी स्कूल तथा कालेजों में इसका आयोजन होगा। अभियान के दौरान 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक जिले के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए नोडल अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। सेवा संकल्प अभियान के दौरान फिट इंडिया खेल महोत्सव, योग एवं ध्यान सत्र, पोषण जागरूकता कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा जागरूकता, वीर गाथाएं एवं सैनिक सम्मान तथा सेवा सेतु अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति और नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय ने उपयोगी सुझाव दिए। विन्ध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने कहा कि सभी गतिविधियों का सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार किया जाए। जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरे देश में विकास के कार्य हुए हैं। रीवा जिले को भी कई बड़ी उपलब्धियाँ मिली हैं। अभियान के दौरान इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप सेवा संकल्प अभियान की तैयारी कर ली गई है। अभियान की प्रत्येक गतिविधि के लिए नोडल अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। अभियान से जुड़ी गतिविधियों को पोर्टल पर अपलोड करने के लिए अलग से टीम तैनात की गई है। अभियान के दौरान जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने सेवा संकल्प अभियान की कार्य योजना की बिन्दुवार तथा विभागवार जानकारी दी। बैठक में सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधिगण, अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा अशासकीय संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button