किसान सम्मान निधि हितग्राहियों की ई केवाईसी के लिए चलेगा अभियान
अभियान चलाकर 2 से 31 अक्टूबर तक किसानों की होगी ई केवाईसी
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . जिले भर के पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से हर वर्ष तीन समान किस्तों में 6 हजार रुपए की सम्मान निधि दी जाती है। किसानों की ई केवाईसी बायोमेट्रिक माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इसके लिए जिले में 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश देते हुए कहा है कि सरकार के निर्देशों के अनुरूप प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए किसानों की ई केवाईसी अभियान में कराएं। किसानों के आधार एवं बैंक खाता डीबीटी के लिए आधार अपडेशन कराएं। सभी किसानों की अभियान के दौरान फार्मर आईडी भी अनिवार्य रूप से बनाएं। सभी शेष बचे किसानों का चिन्हांकन करके ई केवाईसी की कार्यवाही करें। कृषि विज्ञान केन्द्र तथा कृषि विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से प्रत्येक किसान तक अभियान से जुड़ी जानकारी पहुंचाएं एवं पात्र किसानों की ई केवाईसी कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में अभियान के दौरान शिविर लगाकर पात्र किसानों की ई केवाईसी कराएं। कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से भी ई केवाईसी की कार्यवाही करें। अभियान के दौरान पटवारियों को किसान सम्मान निधि के लिए ग्राम स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है। पटवारी द्वारा ई केवाईसी की नियमित समीक्षा करें। ई केवाईसी कराने के साथ-साथ फार्मर आईडी में किसान की स्वामित्व की सभी जमीनों की लिंक भी कराएं। सभी एसडीएम और तहसीलदार अभियान की सतत निगरानी करें।


