
जिले में उत्सवी माहौल में मनाया जायेगा, सेवा से संकल्प अभियान
जन प्रतिनिधि, आमजन और सबकी होगी सहभागिता, होगे विविध आयोजन
कलेक्टर ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनें के दिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . जिले भर में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से एक माह तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान उत्साहपूर्वक और उत्सवी माहौल में मनाया जायेगा। अभियान के तहत आयोजित होने वाला प्रत्येक कार्यक्रम व्यापक रूप से प्रभावी और गरिमापूर्ण होगा। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनें के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए । उन्होने कहा कि अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा समाज के सभी वर्गो की सहभागिता सुनिश्चित कराएं।
आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर को जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को जिला के देवतालाब मंदिर और शिव मंदिर हाटा में 51 हजार दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएगे । इसके साथ की कलेक्ट्रेट परिसर में 11000 दीपक तथा 870 शासकीय विद्यालय में 500 दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएगे, जिले के सभी शासकीय महाविद्यालयों में 1000 दीपक जलाए जाएंगे साथ ही 1037 आंगनबाड़ी केंद्र में 151 दीपक , पुलिस कंट्रोल रूम 5100 दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएगे। नगरीय निकाय के सभी वार्डा में 500 आर्शीवाद के दीपक जलाये जाएगे साथ ही जिले की 256 ग्राम पंचायतों में भी 500-500 दीपक प्रज्ज्वलित होगे।
उन्होंने बताया ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि इन गतिविधियों का आयोजन केवल शासकीय शिक्षण संस्थानों तक सीमित न रहे, बल्कि निजी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को भी इसमें शामिल किया जाए। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत जिले की आंगनवाड़ियों में विशेष आयोजन करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि स्थानीय स्तर पर बच्चों एवं माताओं के लिए पौष्टिक अल्पाहार, खेल सामग्री और पठन सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित ऐसे हितग्राहियों की कहानियां सामने लाई जाएंगी, जिनके जीवन में योजनाओं के माध्यम से सकारात्मक बदलाव आया है।
बैठक में 7 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि यह यात्रा बड़नगर, गुजरात से प्रारंभ होकर वाराणसी, उत्तर प्रदेश तक जाएगी। कलेक्टर ने यात्रा के जिले में प्रवेश के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर यात्रा को प्रभावी एवं गरिमापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। ‘सेवा में योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में रक्तदान कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और स्थानीय स्तर पर बेहतर व्यवस्थाओं के साथ कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक मेे पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों को अधिकारी उपस्थित रहे।

