
अहमदनगर:महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में एक बार फिर से कोरोना महामारी ने सिर उठाना शुरू कर दिया है। हालात इस कदर बेकाबू हो गए हैं कि अब जिला प्रशासन को जिले के 61 गांव में फिर से लॉकडाउन लगाना पड़ा है। इस बात की तस्दीक खुद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने की है।
दस दिन का लॉकडाउन
अहमदनगर जिले के 61 गांवों में फिर से दस दिन का लॉकडाउन लगाया गया है। इन 61 गांवों में 10 से ज्यादा कोरोना मरीज पाए गए हैं। जिले की संगमनेर तहसील के 24 गांवों में सबसे ज्यादा कोरोना मरीज पाए गए हैं। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र भोंसले के आदेश के बाद यह लॉकडाउन लगाया गया है।
प्रतिदिन 500 से 800 मरीज
अहमदनगर जिले में हर दिन 500 से 800 मरीज सामने आ रहे हैं। कोरोना पाजिटिविटी की दर यहां पांच फीसदी से ज्यादा है। जिन गांवों में 20 से ज्यादा कोरोना मरीजों का इलाज किया जा रहा है, वहां पर कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। लॉकडाउन और कोरोना नियमों का पालन करने का आदेश भी जारी किया गया है।
मुंबई में मरीजों की संख्या 500 के पार
कोरोना के नए मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार को कोरोना के नए मरीजों की संख्या 500 के पार हो गई। बीते 15 दिनों से ज्यादा मुंबई में कोरोना के नए मरीजों की संख्या 500 से नीचे थी। लेकिन यह संख्या रविवार को 570 तक पहुंच गई। कोरोना के मरीजों की संख्या के उतार-चढ़ाव के बीच विशेषज्ञों ने मुंबईकरों को आगाह किया है कि खतरा टला नहीं है। इसलिए मुंबईकर कोरोना नियमों का पालन करने में कोताही न बरतें।


