
जिले में 2180 हितग्राहियों को नि:शुल्क रजिस्ट्री का मिलेगा लाभ
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश
कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की
रिपोर्ट विशाल समाचार
रिपोर्ट मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज : कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक (टीएल) में 17 सितम्बर से “सेवा संकल्प अभियान” के साथ-साथ स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना का भी शुभारंभ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्पूर्ण प्रदेश में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना को उत्सव के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना के माध्यम से प्रदेश भर में 50 लाख लोगों को नि:शुल्क रजिस्ट्री का लाभ मिलेगा। जिले में भी 2180 हितग्राहियों को नि:शुल्क रजिस्ट्री के माध्यम से उनकी संपत्ति के पुख्ता दस्तावेज प्राप्त होंगे। उन्होंने ने बताया कि मऊगंज जिले में 58 ग्राम पंचायतों में 65 गाँवों में अभियान के तहत शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री का कार्य किया जायेगा। इसके लिये जिले के 58 पटवारी, 10 तहसीलदार, पंचायत सचिव, जीआरएस एवं स्थानीय युवा का सहयोग भी लिया जायेगा। अभियान के तहत राजस्व विभाग के अधिकारी ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच, सचिव, पटवारी और रोजगार सहायक मिलकर प्रत्येक गुरूवार, शुक्रवार और शनिवार को नि:शुल्क रजिस्ट्री के लिए शिविर लगाएं जाएंगे ।
कलेक्टर ने आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस संबंध में कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार कर समय-सीमा में दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आगामी 18 सितम्बर को सीएफटी भवन उमरीमाधव ग्राम पंचायत हिड़वार, मऊबगदरा, बरयाकला, उमरीमाधव, देवरी शिवमंगल सिंह, बरहटा, भाठी सेंगर, बहेराडाबर, रकरी, दुबगवां दुबान, मुदरिया चौबान पंचायतें शामिल होंगी।अधिकारी कैम्प के पूर्व ग्राम से जुड़ने वाले गांवों में जाकर ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुने।
बैठक में निर्देश दिए कि जिले में कहीं से भी पेयजल की गुणवत्ता अथवा दूषित पानी की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित विभाग तत्काल गंभीरता से कार्रवाई करे। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आम नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरणों में तेजी लाने पर विशेष ध्यान दें। साथ ही जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी तथा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समग्र आईडी की ई-केवाईसी, आधार कार्ड निर्माण एवं अपडेशन के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

