
विशाल समाचार टीम
रीवा: कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने आमजनता से प्राप्त आवेदन पत्रों में सुनवाई की तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदन पत्रों के निराकरण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी जन सुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजनों से प्राप्त आवेदन पत्रों का मौके पर निराकरण करें। जन सुनवाई में अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर एके झा तथा डिप्टी कलेक्टर एके सिंह ने भी आवेदन पत्रों में सुनवाई की। जन सुनवाई में उपचार सहायता, खाद्यान्न पर्ची, सीमांकन, नामांतरण, संबल योजना, हैण्डपंप सुधार सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन पत्रों की सुनवाई की गई।
जन सुनवाई में इन्द्रावती रजक निवासी सगरा ने अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकान की मुआवजा राशि के लिये आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम रायपुर कर्चुलियान को तत्काल जांच कराकर राहत राशि मंजूर करने के निर्देश दिये। रूपेश कुशवाहा, अभिषेक सोनी तथा अन्य वार्ड ब्वायों ने कोविड काल में उनके द्वारा की गई सेवाओं का प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिये आवेदन दिया। कलेक्टर ने मेडिकल कालेज के डीन को प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिये। हीरालाल साकेत निवासी हरिहरपुर ने भूमिहीन के रूप में आवासीय भूमि का पट्टा देने के लिये आवेदन दिया। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार बनकुइयां को मौके पर परीक्षण कर कार्यवाही के निर्देश दिये। ग्राम बघमड़ा तहसील गुढ़ के ग्रामवासियों ने तहसीलदार गुढ़ द्वारा स्कूल तथा आंगनवाड़ी से जुड़ी हुई शासकीय भूमि का प्रभात कुमार को दिया गया पट्टा निरस्त करने के लिये आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम गुढ़ को जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिये।
जन सुनवाई में विनोद मिश्रा निवासी धवैया ने सीमेंट फैक्ट्री में पुन: नौकरी के लिये आवेदन दिया। आवेदक को भूमि अधिग्रहण के बदले नौकरी दी गई थी। कलेक्टर ने जिला श्रम पदाधिकारी को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिये। जन सुनवाई में वंशपति पटेल निवासी जोगिनिहाई ने आम रास्ते को भू अभिलेख में दर्ज करने के लिये आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार रायपुर कर्चुलियान को कार्यवाही के निर्देश दिये। रामलौटन पटेल निवासी ग्राम बदवार ने गांव के सूखे तालाब को बाणसागर बांध की नहर से भरने के लिये आवेदन दिया। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री जल संसाधन को इस संबंध में उचित कार्यवाही के निर्देश दिये। वैनेश्वरी पाण्डेय निवासी सुरसा खुर्द ने भूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिये आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम रायपुर कर्चुलियान को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिये।

