प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषणों से उकेरा विकसित भारत का सपना

सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषणों से उकेरा विकसित भारत का सपना

विधायक प्रदीप पटेल ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया पुरस्कृत, विद्यार्थियों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश 

मऊगंज. सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘‘मेरे सपनों का भारत’’ विषय पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के अपने सपनों को रचनात्मकता और विचारों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरांव, शासकीय कन्या हाई स्कूल मऊगंज, सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खटखरी एवं सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हनुमना में विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी प्रस्तुतियों का अवलोकन किया।

विधायक श्री प्रदीप पटेल ने प्रतियोगिता के प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में विजेता बनना महत्वपूर्ण है, लेकिन उसमें भाग लेना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यों और जनसेवा के माध्यम से देश के करोड़ों लोगों को प्रेरित किया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के अनवरत जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित एवं विश्वगुरु बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को साकार करने में आज के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और विकसित भारत का सबसे बड़ा लाभ भी युवा पीढ़ी को मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य निर्धारित कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने विकसित भारत 2047 की परिकल्पना, आत्मनिर्भर भारत, शिक्षा, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विधायक श्री पटेल ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विचार जाने तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। भाषण प्रतियोगिता में पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरांव के विद्यार्थी दीपक पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार शासकीय कन्या हाई स्कूल मऊगंज की सृष्टि पटेल एवं अंकुश द्विवेदी सहित अन्य विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 2 से 10 अक्टूबर तक सेवा सप्ताह में 25 प्रकार की गतिविधियों से संबंधित विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन को सेवा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। समारोह में शिक्षक और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button