
नगर निकायों की योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें : डीएम
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
जिलाधिकारी सीतामढ़ी ,श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायतों में संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में योजनाओं की प्रगति, भूमि की उपलब्धता, डीपीआर की स्वीकृति तथा निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) योजना, मोक्षधाम निर्माण, कायाकल्प योजना के तहत वार्डवार योजनाओं का चयन, वेंडिंग जोन का निर्माण तथा सम्राट अशोक भवन निर्माण सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन योजनाओं के क्रियान्वयन में भूमि की उपलब्धता बाधक बन रही है, उनके लिए संबंधित अंचल अधिकारी, नगर निकाय के पदाधिकारी एवं डीसीएलआर आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में त्वरित कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि योजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक स्तर पर समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रगति सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सम्राट अशोक भवन के निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए नगर आयुक्त को इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित योजनाओं के डीपीआर का विभाग से अनुमोदन कराने तथा कार्यान्वयन एजेंसियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने को कहा।
सभी नगर निकायों में वेंडिंग जोन विकसित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा शहरों में जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने का निर्देश भी दिया गया।
जिलाधिकारी ने आगामी दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए सभी नगर निकायों को विशेष रूप से नालों की उड़ाही एवं सफाई, शहर की समुचित साफ-सफाई, छठ घाटों की तैयारी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के मद्देनजर स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
बैठक में संबंधित नगर निकायों के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।



