प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

आगामी शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों के बीएड एवं एमएड सीट के अनुरूप शत-प्रतिशत एडमिशन किये जाएं – कमिश्नर शीलेंद्र सिंह

आगामी शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों के बीएड एवं एमएड सीट के अनुरूप शत-प्रतिशत एडमिशन किये जाएं – कमिश्नर शीलेंद्र सिंह

कमिश्नर ने अलग-अलग प्रायोगिक विषयों की सर्व सुविधा युक्त लैब डेवलप करने के दिए निर्देश

विद्यालय प्राचार्यों के तीन दिवसीय प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रशिक्षण की दी स्वीकृति

शासकीय शिक्षा महाविद्यालय के प्रसाधन कक्ष, स्टाफ क्वार्टर एवं अन्य कक्ष की मरम्मत के दिये निर्देश

कमिश्नर ने महाविद्यालय की संस्थान विकास समिति की बैठक में दिए विभिन्न निर्देश

 

रिपोर्ट विशाल समाचार

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा . रीवा संभाग कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह बुधवार को शासकीय शिक्षा महाविद्यालय के संस्थान विकास समिति की बैठक में सचिव एवं प्राचार्य शासकीय शिक्षा महाविद्यालय को निर्देश दिए कि आगामी शैक्षणिक सत्र में महाविद्यालय में निर्धारित सीट के अनुरूप विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत एडमिशन बीएड एवं एमएड के कोर्स में होने चाहिए। वर्तमान में निर्धारित सीट के अनुरूप विद्यार्थियों के कम प्रवेश संख्या पर कमिश्नर ने सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिए कि सभी महाविद्यालयीन प्राचार्य बीएड एवं एमएड कोर्स का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आगामी शैक्षणिक सत्र में निर्धारित सीट शत-प्रतिशत भरना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने विद्यालयीन प्राचार्यों के तीन दिवसीय प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रशिक्षण प्रदान करने की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही उन्होंने विज्ञान विषय के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी शिक्षकों को पाठ्यक्रम आधारित प्रायोगिक कार्य का प्रशिक्षण देने के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और जूलॉजी की उन्नत एवं सर्व सुविधा युक्त लैब बनाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि उन्नत और सर्व सुविधा युक्त लैब बनने के पश्चात विज्ञान विषय के शिक्षकों को इन प्रायोगिक लैब में विशेष ट्रेनिंग दी जाए।

 

 

कमिश्नर ने शिक्षा महाविद्यालय के लिए विज्ञान सामग्री एवं उपकरण क्रय करने के निर्देश देते हुए कहा कि विज्ञान सामग्री एवं उपकरण 10 अक्टूबर से पहले शत-प्रतिशत क्रय कर लिए जाएं। कमिश्नर ने बैठक में शिक्षा महाविद्यालय के नवनिर्मित हाल के पीछे बनाए गए पुरुष एवं महिला प्रसाधन कक्ष जो कि क्षतिग्रस्त हो चुके हैं उनके फर्श की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने महाविद्यालय के अन्य कक्ष एवं फर्श की मरम्मत का कार्य भी अक्टूबर माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने लोक निर्माण विभाग के उपयंत्री को नवीन सभागार में आवाज ईको की समस्या के समाधान हेतु वॉल पैनलिंग फॉल्स सीलिंग तथा स्पीकर लगाने का कार्य दिसंबर माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने इस बात पर सख्त नाराजगी व्यक्त की की नवीन महिला एवं पुरुष प्रसाधन कक्ष बनाने का प्रस्ताव गत फरवरी माह में पारित हुआ था लेकिन अब तक उसका निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। कमिश्नर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को 15 दिवस में प्रसाधन कक्ष का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

 

 

बैठक में कमिश्नर ने महिला छात्रावास की बाउंड्रीवॉल, गेट तथा छात्रावास के समीप निर्मित स्टाफ क्वार्टर की मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द शुरू करने की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही उन्होंने बारिश के दौरान छत से पानी टपकने एवं इससे अभिलेख तथा उपक्रम खराब होने की स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि वह पुराने भवन के ऊपर छत की मरम्मत करते हुए फॉल सीलिंग लगाएं। तत्संबंध में उन्होंने उचित प्रस्ताव देने और प्रस्ताव के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने सचिव एवं प्राचार्य को निर्देश दिए कि महाविद्यालय में मरम्मत के सारे कार्यों का एक एस्टीमेट बनाएं और एस्टीमेट के अनुसार दिसंबर माह तक सभी मरम्मत के कार्य पूर्ण कर लें। कमिश्नर ने प्राचार्यों के सुझाव पर शिक्षकों की बीएड एवं एमएड की क्लास एवं ट्रेनिंग के दौरान एक मोटिवेशन क्लास लगाने की भी स्वीकृति दी। बैठक में संस्थान के सदस्यों ने विद्यालय को और बेहतर बनाने के लिए कम से कम संसाधन में बेहतर प्रबंधन करने के संबंध में अपने आवश्यक सुझाव दिए। कमिश्नर ने सभी प्राचार्यों से कहा कि शिक्षण संस्थान की पहचान शिक्षक और विद्यार्थियों से होती है। यदि दोनों ही काबिल होंगे तो महाविद्यालय की पहचान चारों ओर होगी। उन्होंने कहा कि बीएड पढ़ने वाले विद्यार्थियों को इस बात की विशेष रूप से सीख दी जाए की वे स्कूलों में जाकर अपने विद्यार्थियों को बेहतर ढंग से अध्यापन का कार्य करा सके।

 

 

बैठक में सचिव एवं प्राचार्य संस्थान विकास समिति ने महाविद्यालय द्वारा कराए जा रहे शैक्षणिक भ्रमण, आकस्मिक व्यय, फर्नीचर एवं विद्युत मरम्मत के कार्य की अनुमानित लागत राशि, वॉलीबॉल मैदान का निर्माण कार्य, खेल सामग्री क्रय करने, बीएड एवं एमएड के विद्यार्थियों को प्रदान की जाने वाली लेखन सामग्री, पाठ योजना, समालोचना पाठ, अवलोकन एवं शैक्षणिक कार्य पुस्तिका तथा कार्यालयीन कार्य हेतु स्टेशनरी की अनुमानित लागत के संबंध में कमिश्नर को अवगत कराया। बैठक में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, प्राचार्य उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक मार्तंड क्रमांक एक आरके जैन, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मार्तंड क्रमांक तीन आर एल दीपंकर, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मार्तंड क्रमांक दो सुदामा लाल गुप्ता, शिक्षक श्री राजेश सिंह परिहार एवं अन्य प्राचार्य गण तथा लोक निर्माण विभाग एवं पीआईयू के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button